सेक्टर-41 में दिनदहाड़े कविता और भाई गौरांग की हत्या के मामले में मंगलवार को जिला अदालत फैसला सुना सकती है। जिला अदालत में सभी पक्षों की सुनवाई पूरी हो चुकी है। इस मामले में गिरफ्तार आरोपी युवक राहुल जेल में है। गौरतलब है कि 16 दिसंबर 2011 में सेक्टर -41 स्थित महिला टीचर जब घर पहुंची तो कमरे में बेड पर बेटी कविता लहूलुहान पड़ी थी।
कमरे में सामान बिखरा हुआ था। टीचर के चिल्लाने पर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। पड़ोसियों ने मामले की सूचना पुलिस को दी थी। पुलिस जांच में सामने आया कि कविता के साथ किसी ने जबरदस्ती की थी। जब पुलिस ऊपर वाले कमरे में गई तो उसमें छोटे भाई गौरांग को चाकुओं से गोदा हुआ पाया गया।
सेक्टर-39 थाना पुलिस ने अज्ञात युवक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया था। क्राइम ब्रांच ने मामले की जांच कर 18 जनवरी 2012 को अंबाला के पास कविता और गौरांग की हत्या करने वाला रिश्तेदार राहुल को दबोचा था। पूछताछ में पता चला था कि वह कविता से एक तरफा प्यार करता था। घटना वाले दिन राहुल सेक्टर-41 में पहुंचा। वहां उसकी गौरांग के साथ बहस हुई और राहुल ने चाकू निकालकर उसकी हत्या कर दी थी। राहुल ने नीचे कमरेे में आकर कविता के साथ जबरदस्ती कर उसकी हत्या कर भाग गया था।