मांगों को लेकर ट्राइसिटी के निजी चिकित्सकों समेत पीजीआई के डॉक्टर मंगलवार को एक घंटे की हड़ताल पर रहेंगे। आईएमए से जुड़े करीब ढाई लाख डॉक्टर छह जून को हड़ताल पर जा रहे हैं।
आईएमए के प्रेसिडेंट डॉ. अजय अग्रवाल ने बताया कि चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला के सभी प्राइवेट डॉक्टर छह जून को आधे दिन के लिए काम नहीं करेंगे। पीजीआई फैकल्टी एसोसिएशन के प्रेसिडेंट डॉ. टीडी यादव का कहना है कि आज सबसे ज्यादा डॉक्टरों को प्रताड़ित किया जा रहा है। शहर के वरिष्ठ डॉक्टर नीरज कुमार ने जेनरिक दवाएं लिखने के सरकार के फैसले को उचित बताया है।
आज बंद रहेंगे निजी अस्पताल
पंचकूला, कालका और पिंजौर में मंगलवार को सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक निजी अस्पताल बंद रहेंगे। इस संबंध में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ब्रांच कालका की सोमवार को कालका के एक निजी अस्पताल में बैठक हुई। बैठक में डॉक्टरों को आ रही समस्याओं पर विचार विमर्श किया गया। जानकारी देते हुए इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ब्रांच कालका के प्रधान रंधीर सिंह राणा ने बताया कि मंगलवार को कालका, पिंजौर और परवाणू के सभी प्राइवेट अस्पताल सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक बंद रहेंगे। मरीजों की सुविधा के लिए इमरजेंसी सुविधा जारी रहेगी। राणा ने बताया कि मंगलवार को प्राइवेट डॉक्टरों को आ रही समस्याओं के संबंध में कालका विधायक लतिका शर्मा, पंचकूला विधायक व एसडीएम कालका को ज्ञापन सौंपा जाएगा।