अगर आपको दीवाली की शॉपिंग करनी है तो सेक्टर 17 के परेड ग्राउंड में आइए अगले चार दिन तक। बहुत कुछ खरीदने को मिलेगा। पूरे साल में दीवाली का ही मौका ऐसा होता है, जब लोग घर की साज सजावट से लेकर आम जरूरत के सामान की शॉपिंग सबसे अधिक करते हैं। कार खरीदनी हो, ज्वेलरी या फिर होम अप्लायंस का सामान लोगों की लिस्ट पहले से तैयार रहती है।
इसके अलावा दिवाली है तो रिश्तेदारों को गिफ्ट भी देने पड़ते हैं। ऐसे में सारी शॉपिंग एक ही छत के नीचे करने का मौका लाया है भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई)। शुक्रवार से चार दिन तक चलने वाला सीआईआई चंडीगढ़ फेयर 2016 शुरू हो रहा है। लगातार 21वें वर्ष दिवाली से पहले होने वाले सीआईआई शॉपिंग फेस्टिवल में इस बार भी लोगों को दिवाली से जुड़ी शॉपिंग एक ही छत के नीचे करने का फायदा मिलेगा।
फेयर में मल्टी ब्रांड्स से लेकर देश के विभिन्न राज्यों के कारोबारी शामिल हो रहे हैं। विदेशी कारोबारियों में इस बार केवल थाईलैंड का ही स्टॉल मौजूद रहेगा। वहीं फेयर में शॉपिंग के दौरान कुछ खाने का मूड हो तो उसके लिए भी खास इंतजाम किए गए हैं। फेयर में खास कश्मीरी नॉन वेज स्टॉल, साउथ इंडियन के अलावा चाइनीज खाने के भी स्टॉल लगेंगे। वहीं पिज्जा लवर्स के लिए पिज्जा हट, डोमिनोज के अलावा डंकन डोनेट्स के भी स्टॉल होंगे। फेयर में 20 रुपये एंट्री फीस रखी गई है। सुरक्षा के मद्देनजर से सभी जगह सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।
ये रहेंगे खास
फेयर में ऑटोमोबाइल्स, रीयल इस्टेट, एजुकेशनल और फाइनेंशियल सेक्टर के स्पेशल स्टॉल भी होंगे। एक ओर जहां लगभग सभी कार कंपनियों के डिस्प्ले होंगे, वहीं लोग अपनी पसंद की कार की ड्राइव लेकर चाहे तो उसकी बुकिंग भी कर सकते हैं। इसके लिए कंपनियां उन्हें स्पेशल डिस्काउंट या अन्य तरह के ऑफर देंगी।
रीयल इस्टेट की भी कई कंपनियां यहां लोगाें को स्पेशल डिस्कांउट पर उनके अपने घर के सपने को साकार करेंगी। इसके लिए वह उन्हें खास तरह के होम लोन भी ऑफर कर रही हैं। वहीं युवाओं की काउंसिलिंग से लेकर उन्हें उनके फ्यूचर के लिए सही गाइडेंस के लिए कई एजुकेशनल कॉलेज और फर्म भी यहां मौजूद होंगी। फेयर में फ्रूट और फूड का भी स्टॉल होगा। इसमें कई तरह के पैक्ड फूड होंगे।
हैंडीक्राफ्ट सामान पर रहेगी नजर
फेयर में कई राज्यों के कलाकार अपने खास आइटम लेकर आए हैं। इस बार राजस्थान, वेस्ट बंगाल समेत अन्य राज्यों से खास साज सजावट का सामान खरीदने का मौका लोगों को मिलेगा। इसके अलावा हैंडी क्राफ्ट की अच्छी खासी रेंज मौजूद होगी। वहीं महिलाओं के लिए घर की सजावट से लेकर कपड़ों की खरीदारी का भी मौका होगा।