फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चंडीगढ़ : ऑटो सेक्टर की मनी दीवाली, शहर के कई शोरूमों में कारों का स्टॉक खत्म

Fri, 13 Nov 2020 04:35 PM IST
ajay kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

  • पांच से 12 लाख की कारों की बिक्री सबसे ज्यादा, पिछले साल से भी ज्यादा खरीदारी कर रहे लोग
  • लग्जरी कारों की बिक्री भी बढ़ी, आटोमोबाइल क्षेत्र में लौटे उत्साह के आगे भी जारी रहने की उम्मीद
विज्ञापन
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कोरोना संकट के दौर में ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री से अच्छी खबर आई है। शहर में कार और बाइक दोनों की खरीद में उछाल देखा गया है। खासतौर पर कारों की खरीद में ज्यादा इजाफा हुआ है। शहर के कई बड़े कार डीलरों के पास कारों का स्टॉक खत्म हो गया है। कार डीलरों के अनुसार इस समय मध्यम रेंज की कारों की बिक्री सबसे ज्यादा है। इसके अलावा लग्जरी कारों की बिक्री भी पिछले साल के मुकाबले बढ़ी है।

विज्ञापन


बर्कले ऑटोमोबाइल के एमडी संजय दहूजा के मुताबिक यह समय कारों की बिक्री के लिए शानदार है। अब हर कोई अपनी कार में ही चलना चाहता है। इसके लिए नई कारों में कई कंपनियों की छोटी कारों की कमी है, जबकि कई चर्चित कारों के लिए एडवांस बुकिंग चल रही है। ऐसे में कारों की बिक्री में तेजी से उछाल आया है। इसमें मिड सेगमेंट की कारें प्रमुख है। 

उन्होंने बताया कि 5 से 12 लाख तक की कारों की बिक्री ज्यादा है। संजय दहूजा ने कहा कि उनके पास हुंडई और टाटा की कारों का स्टॉक खत्म हो गया है। क्रेटा, आई20, वेन्यू की डिमांड ज्यादा है, इसलिए उनकी बुकिंग ज्यादा है। कार डीलरों का कहना है कि कई मॉडल्स पर ग्राहकों को लंबा इंतजार भी करना पड़ रहा है। लग्जरी कारों में बीएमडब्ल्यू और मर्सिडीज के पास भी पिछले साल के मुकाबले बुकिंग ज्यादा है। वेटिंग पीरियड की अगर बात की जाए तो कार डीलरों के पास 2 हफ्ते से लेकर दो महीने तक की एडवांस बुकिंग है। बिक्री का यही स्तर कार डीलरों को दिसंबर तक बने रहने की उम्मीद है।

विज्ञापन

धनतेरस पर पांच मर्सिडीज कार की होगी डिलीवरी

शहर में मर्सिडीज के मार्केटिंग हेड अनुराग सिंगला का मानना है कि बाजार त्योहारी मौसम के दौरान काफी सुधरे हैं। लग्जरी कार कंपनियों की भी इस बार दिवाली धमाकेदार है। नए लांच हुए मॉडल्स के दम पर लग्जरी कारों के बाजार में भी ग्राहक उमड़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि जून के महीने से कारों की बिक्री शुरू हो गई थी।

अगस्त, सितंबर और अक्तूबर के महीने में बाजार ने रफ्तार पकड़ी और नवंबर के महीने में लग्जरी कारों की बिक्री पिछले साल से भी ज्यादा हो गई। उन्होंने बताया कि बीते कुछ महीनों से ट्राइसिटी में हर महीने औसतन सिर्फ मर्सिडीज की 25 कारें बिक रही हैं। 

धनतेरस के मौके पर सिर्फ चंडीगढ़ में उन्हें पांच कारों की डिलीवरी देनी है। उन्होंने कहा कि ऐसे में कारों की बिक्री की यह रफ्तार साल के अंत तक देखी जा सकती है। संजय दहूजा ने बताया कि जुलाई से ही यह बात सामने आ रही थी कि लोग छोटी कार खरीद रहे हैं।

खासतौर पर 10 लाख रुपये के अंदर की। अधिमास में भी खूब कारें बिकीं और उसके बाद नवरात्र में तो कारों की बिक्री ने पिछले वर्ष का भी रिकॉर्ड तोड़ दिया। कारों के लिए लगातार इंक्वायरी आ रही थीं। अब यह स्थिति है कि उनके पास जो भी स्टॉक था, उसे ग्राहक धनतेरस से दिवाली के बीच उठाने के लिए बुक कर चुके हैं।
विज्ञापन

टू-व्हीलर की बिक्री कम, लेकिन एक्टिवा की डिमांड बरकरार

शहर में टू-व्हीलर की बिक्री में खास इजाफा नहीं हुआ है। सेक्टर-43 स्थित प्लैटिनम होंडा के सुशील दत्ता का कहना है कि अभी पिछले कुछ महीनों में जो नुकसान हुआ है, उसी की भरपाई कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि टू-व्हीलर के ज्यादा नहीं बिकने के कई कारण हैं। कहा कि टू-व्हीलर खरीदने वाले ज्यादातर अभी तक अपनी नौकरी को लेकर सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। 

कोविड की वजह से उन पर काफी असर पड़ा है। प्रवासी मजदूर भी अभी तक शहर नहीं लौटे हैं। वह टू-व्हीलर मार्केट में बहुत अहम रोल अदा करते हैं। इसके अलावा अभी तक शहर के स्कूल, कॉलेज व इंस्टीट्यूट नहीं खुले हैं। विद्यार्थी स्कूल-कोचिंग आदि जाने के लिए भी टू-व्हीलर खरीदते हैं।

सुशील दत्ता ने बताया कि लोन पर टू-व्हीलर लेने वाले लोगों की संख्या में 10 से 15 प्रतिशत की कमी आई है। हालांकि, उन्होंने कहा कि एक्टिवा की बिक्री पर ज्यादा असर नहीं पड़ा है। उन्होंने बताया कि धनतेरस और दीवाली के मौके पर 150 एक्टिवा की डिलीवरी होनी है। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें