पंजाब की सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री अरुणा चौधरी ने कहा है कि पंजाब सरकार इस साल विभिन्न विभागों में प्रस्तावित 50 हजार पदों की भर्ती में चार फीसदी पद दिव्यांगों के आरक्षित कोटे से करेगी। इस फैसले से दो हजार पदों पर दिव्यांगों की भर्ती होगी।
मंगलवार को पंजाब भवन में स्टेट एडवाइजरी बोर्ड (दिव्यांगजन) की बैठक की अध्यक्षता करते हुए चौधरी ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा इस साल विभिन्न सरकारी विभागों में 50 हजार के करीब पदों पर भर्ती की जाएगी, जिनमें दिव्यांगों का चार प्रतिशत कोटा भरा जाएगा। कैबिनेट मंत्री ने आदेश दिया कि पैरा-प्लेयर्स के लिए 35 एकड़ में बनने वाले स्टेडियम के लिए जमीन को जल्द चिह्नित किया जाए, ताकि स्टेडियम का निर्माण जल्दी करवाया जा सके।
पार्कों, बस अड्डों पर दिव्यांगों के लिए सुविधाओं के प्रबंध का आदेश
विभिन्न विभागों द्वारा दिव्यांगों के लिए चलाईं जा रही स्कीमों की प्रगति का जायजा लेते हुए चौधरी ने आदेश दिया कि पार्कों, बस अड्डों और बसों में दिव्यांगों और दिव्यांग बच्चों की सुविधा का प्रबंध किया जाए। इस संबंध में जल्द ही समीक्षा करके रिपोर्ट सौंपी जाए, ताकि जहां ऐसी सुविधाओं की कमी है, वहां इनका प्रबंध करवाया जाए।
दिव्यांगों संबंधी कार्डों के डिजिटलाइजेशन में तेजी लाने के आदेश
अरुणा चौधरी ने विभागों से दिव्यांगों के लिए बन रहे अलग-अलग तरह के कार्डों (सर्व शिक्षा अभियान के कार्ड और जॉब कार्ड) के डिजिटलाइजेशन के काम में तेजी लाने को कहा। उन्होंने बताया कि सामाजिक सुरक्षा विभाग में अब तक कुल 3,54,478 अर्जियां यूडीआईडी कार्डों के लिए आईं, जिनमें से 2,11,848 कार्ड बन गए हैं और बाकी बचे कार्ड भी जल्द ही बन जाएंगे।