सेक्टर 32 गवर्नमेंट मेडिकल कालेज एंड हॉस्पिटल (जीएमसीएच) में शनिवार को एमबीबीएस की 68 सीटों को लेकर काउंसलिंग का आयोजन किया गया। इस दौरान कुछ अनुसूचित जाति (एससी) के छात्रों के अभिभावकों ने एससी की मेरिट लिस्ट में गड़बड़ी का आरोप लगाया। उनका कहना है कि जिनके लिस्ट में नाम हैं, उनके सरनेम एससी के बजाए जनरल वर्ग से मेल खाते हैं।
उनके मुताबिक एससी लिस्ट में कुछ छात्रों के सरनेम भारद्वाज, राणा व अन्य जनरल जातियों से मेल खा रहे हैं। उन्होंने इस बारे में अस्पताल प्रशासन को लिखित शिकायत भी दी है। शिकायत में उन्होंने मांग की है कि एससी कोटे के छात्रों के प्रमाणपत्र चेक किए जाएं। एससी की कुल 12 सीटे आरक्षित हैं। इसके लिए 101 छात्रों के नामों की लिस्ट जारी की गई है।
शिकायतकर्ता अजय (रैंक 16) ने बताया कि जब उसने लिस्ट देखी, तभी उस बारे में पता चला। इसकी शिकायत दे दी है। एक अन्य अभिभावक ने बताया कि यह सरासर गलत है। ये सीटे उन्हें अलॉट होनी चाहिए, जो इसके लिए मान्य हैं।
सभी सर्टिफिकेट डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट की ओर से चेक किए गए हैं। ये एक सक्षम प्राधिकरण हैं। इसमें कालेज प्रशासन का कुछ भी लेना-देना नहीं होता है। -अतुल सचदेवा, डायरेक्टर व प्रिंसिपल जीएमसीएच-32