जीएमसीएच-32 अस्पताल की मोर्चरी के पास कार पार्किंग एरिया में हंगामा हुआ और वकील ने गोली चला दी तो अफरातफरी मच गई। महिला के ससुराल और मायके पक्ष की खींचतान में ससुराल पक्ष के एक वकील ने महिला के भाई पर फायरिंग कर दी। गनीमत यह रही कि महिला के ताया ने वकील के हाथ को हवा में उठा दिया, जिससे गोली हवा में चल गई। अस्पताल स्टाफ सहित आसपास खड़े लोग गोली चलते ही इधर-उधर भागने लगे।
सूचना पर सेक्टर-34 थाने के एसएचओ इंस्पेक्टर अजय क्राइम ब्रांच व अन्य पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत कर दोनों पक्षों के लोगों को अलग-अलग किया। साथ ही जांच की तो चली गोली के खोल सहित आरोपी वकील के कब्जे से तीन जिंदा कारतूस, .32 बोर की एक रिवाल्वर और उसकी इटियोस कार बरामद हुई। आरोपी वकील की पहचान गगनदीप सिंह के रूप में हुई है। थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित आईपीसी की धारा-336 में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल, बीती 30/31 मई की आधी रात को बनूड़ स्थित बंदा सिंह बहादुर कालोनी निवासी 32 वर्षीय गुरजिंदर कौर ने फंदा लगाकर खुदकुशी करने की कोशिश की थी। इसके बाद उसके भाई अमनदीप सिंह सहित अन्य पारिवारिक सदस्यों ने उसको जीएमसीएच-32 अस्पताल में भर्ती कराया, जहां रविवार देर शाम महिला की मौत हो गई। रविवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे गुरजिंदर कौर के पति (राजपुरा में कार्यरत लाइनमैन) जगविंदर सिंह सहित कई लोग और आरोपी वकील गगनदीप गुरजिंदर कौर के पारिवारिक सदस्यों के पास पहुंचे।
इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी से मामला गरमा गया और फिर वकील गगनदीप अचानक दौड़ कर अपनी इटियोस कार के पास पहुंचा। इस पर महिला का पति जगविंदर सिंह और अन्य भी उसके पास गाड़ी तक पहुंचे। आरोपी गगनदीप गाड़ी से रिवाल्वर निकालने लगा तो उक्त अन्य लोगों ने उसे रोकने का प्रयास किया लेकिन अमनदीप ने बताया कि आरोपी गगनदीप सिंह ने उस पर गोली चलाई लेकिन बीच में ताया किरपाल सिंह सन्नौर ने उसके हाथ ऊपर की तरफ कर दिए। इस वजह से उसकी जान बच गई। मामले में पुलिस ने शिकायत के बावजूद जानलेवा हमले की धारा नहीं लगाई है।
दो बेटियां होने पर किया जाने लगा तंग
गुरजिंदर कौर के भाई अमनदीप सिंह ने आरोप लगाए कि 7 फरवरी 2010 में बहन की शादी बनूड़ निवासी जगविंदर सिंह से हुई थी। बहन को पहली बेटी हुई और करीब दो वर्ष पूर्व दूसरी बेटी हुई। अमनदीप सिंह ने बताया कि बेटा नहीं होने पर ही बहन गुरजिंदर कौर की सास, मासी और ननद उसे परेशान करने लगे साथ ही उससे मारपीट भी की जाने लगी। इससे तंग आकर ही गुरजिंदर कौर ने खुदकुशी कर ली। बनूड़ पुलिस थाने के एसएचओ सुखदीप सिंह ने बताया कि रविवार देर शाम महिला गुरजिंदर कौर की जीएमसीएच-32 अस्पताल में मौत हो गई है, जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।