रेलवे से जुड़े कई अहम योजनाओं पर फैसला मंगलवार को हो सकता है। अधूरे प्रोजेक्टों को लेकर रेलवे जीएम नॉर्दर्न और हरियाणा के मुख्य सचिव के बीच बैठक होने वाली है।
इसमें चंडीगढ़, कालका, अंबाला और हरियाणा के अन्य क्षेत्रों में अंडरपास और रेलवे ओवर ब्रिज बनाने को लेकर चर्चा होगी। अंबाला मंडल के डीआरएम दिनेश कुमार ने बताया कि चंडीगढ़ व हरियाणा के बीच जहां कहीं भी रेल मार्ग पर अंडरपास और ओवर ब्रिज बनाया जाना है।
इसमें कई जगहों पर जमीन का मामला फंसा हुआ है। इसको हल करने के लिए हरियाणा के मुख्य सचिव के साथ बैठक रखी गई है। इसके अलावा चंडीगढ़-बद्दी रेल मार्ग बनाए जाने को लेकर आ रही अड़चन पर भी विचार विमर्श होगा।
इस बैठक में अंबाला डिवीजन के डीआरएम दिनेश कुमार और सीनियर डीसीएम प्रवीण गौड़ सहित रेलवे के टेक्निकल अधिकारी भी शामिल होंगे।
चंडीगढ़-बद्दी रेल मार्ग में क्या है अड़चन
चंडीगढ़-बद्दी रेल मार्ग में हरियाणा के किसानों की जमीन ने बाधा उत्पन्न कर दी है। क्योंकि सूरजपुर से बद्दी के हरिपुर तक बनने वाली करीब 28 किमी लंबी रेल लाइन के बीच किसानों की जमीन आ रही है। इसी वजह से मामला फंसा हुआ है।