लगातार कंप्यूटर पर काम करने और गलत तरीके से बैठने, सोने से अक्सर लोगों में कमर दर्द होने लगता है।
धीरे-धीरे यह बढ़ने लगता है। जब डिस्क खिसक जाती है तो वह मरीज के लिए घातक होता है। अब ऐसे मरीजों का शत-प्रतिशत इलाज उपलब्ध है।
वह भी कम खर्चे पर। पीजीआई के डिपार्टमेंट ऑफ एनेस्थीसिया के पेन क्लीनिक में अब एक सुई के माध्यम से परक्यूटीनियस हाईड्रो डिस्कटेक्टमी नामक एक यंत्र से इसका इलाज आसान तरीके से उपलब्ध है।
इलाज में मात्र 25 मिनट का समय लगता है। अब तक पांच मरीजों का इलाज किया गया है, इनमें से सभी पूरी तरह से ठीक हैं और वे अपनी जिंदगी का भरपूर आनंद उठा रहे हैं।
विभाग की एडिशनल प्रोफेसर डॉ. बबिता घई ने बताया कि उन्होंने यह तकनीक लंदन में अपनी कॉमनवेल्थ फैलोशिप के दौरान सीखी थी।
इलाज के बारे में उन्होंने बताया कि सुई के माध्यम से हाइड्रो डिस्टेक्टमी इंस्ट्रूमेंट डाला जाता है। इससे डिस्क के बाहर निकले हिस्से को आसानी से काट देते हैं।
सुई से पहले भी इलाज की कई लेटेस्ट तकनीक :
डा. बबिता घई ने बताया कि परक्यूटीनियस हाईड्रो डिस्कटेक्टमी आखिरी विकल्प है। मरीज को पहले दवाई देकर ठीक करने की कोशिश करते हैं।
यदि उसे आराम नहीं मिलता तो इंजेक्शन थैरेपी का इस्तेमाल किया जाता। फेलोशिप के दौरान डॉ. बबिता ने इंजेक्शन थैरेपी की भी कई लेटेस्ट इलाज सीखे थे।
इंजेक्शन थैरेपी से भी कई मरीजों को दर्द से छुटकारा मिला है। जब इंजेक्शन थैरेपी से भी फायदा नहीं मिलता तो परक्यूटीनियस हाईड्रो डिस्कटेक्टमी विधि से इलाज किया जाता है।
पीजीआई में आधे रेट में इलाज
पीजीआई में पेन क्लीनिक न्यू ओपीडी के पांचवे तल पर कमरा नंबर 5023 में स्थित है। यह क्लीनिक सप्ताह में दो बार बुधवार और शनिवार को चलता है।
पेन क्लीनिक एक रेफरल क्लीनिक है। यहां पर जाने से पहले आपको आर्थोपेडिक्स और न्यूरोलाजिस्ट के डिपार्टमेंट में दिखाना होगा।
उसके बाद आपको इस क्लीनिक में रेफर किया जाएगा। प्राइवेट क्लीनिक में इसके इलाज में लाखों रुपये का खर्चा आता है, लेकिन पीजीआई में आधे रेट में इलाज उपलब्ध है।
इस दर्द के लिए पेन क्लीनिक फायदेमंद
यदि किसी व्यक्ति को चेहरे से लेकर कमर तक का दर्द रहता है, वह भी बिना किसी वजह से, तो वह पेन क्लीनिक में दिखा सकता है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि किसी को दर्द हुआ और वह क्लीनिक में चला गया।
यानी आपको कोई भी दर्द हो तो पहले उस मर्ज से संबंधित विशेषज्ञ को जरूर दिखाएं। क्लीनिक में खास तौर पर चेहरे का दर्द, हरपीस का दर्द, कमर दर्द और आपरेशन की जगह में हो रहे दर्द का शर्तिया इलाज होता है।