धूरी उपचुनाव में शिअद प्रत्याशी गोबिंद सिंह लौंगोवाल ने अपने विरोधी पार्टियों के प्रत्याशियों को शिकस्त देते हुए 37,501 वोटों के बड़े अंतर से जीत हासिल कर ली।
बुधवार को घोषित परिणाम के बारे में रिटर्निंग अधिकारी कम एसडीएम राजेश धीमान ने बताया कि धूरी हलके के कुल 1 लाख 51 हजार 952 वोटरों में से 1 लाख 10 हजार 951 वोटरों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था। वोटों की गिनती के दौरान शिअद के उम्मीदवार गोबिंद सिंह लौंगोवाल को कुल 67,596 व कांग्रेस प्रत्याशी सिमरप्रताप सिंह को 30 हजार 95 वोट और शिअद (अ) के प्रत्याशी सुरजीत सिंह कालाबूला को 7554 वोट हासिल हुए।
इनके अलावा सीपीआई के प्रत्याशी सुखदेव राम शर्मा को 1933 वोट, जय जवान जय किसान की प्रत्याशी मनजीत कौर को 203 वोट, आजाद प्रत्याशी सरबजीत सिंह को 261 वोट, गुरप्रीत सिंह को 134, गुरमीत सिंह को 397, जोरा सिंह को 174, विक्रम कुमार को 835, रणजीत भसीन को 535, रतन लाल को 163 वोट पड़े। 1071 मतदाताओं ने नोटा बटन का इस्तेमाल किया।