इस बार धनतेरस के पर्व पर दिन में खरीदारी करना शुभ होगा। दीपावली पर भी पूजा के लिए मध्याह्न का समय उत्तम है। रेणुका मंदिर के पुजारी और ज्योतिषाचार्य पंडित भगवती प्रसाद शास्त्री की मानें तो धनतेरस पर लक्ष्मी माता की चरण पादुका घर लाना शुभ होगा। उनका कहना है कि दीपों के पर्व पर सूर्य ग्रहण के कारण दिन में ही पूजा की परंपरा निभाई जाएगी। वहीं धनतेरस पर दिन में 11:30 से डेढ़ बजे के बीच खरीदारी का मुहूर्त बन रहा है।
पंडित भगवती प्रसाद शास्त्री ने बताया कि 21 अक्तूबर को धनतेरस के मौके पर सोना-चांदी जैसी धातु खरीदना शुभ माना गया है। हालांकि इसके बदले अन्य धातुओं की मूर्तियां या बर्तन भी खरीदे जा सकते हैं। वहीं धनतेरस के दिन अपने बैंक खाते में रकम जमा करवाने से भी वर्ष भर लक्ष्मी की कृपा बनी रहती है। इसके अलावा व्यापार में इस दिन निवेश करना सर्वश्रेष्ठ है। इस दिन लक्ष्मी माता की चरण पादुका घर में लाने से सुख समृद्धि की प्राप्ति होती है। दीपावली पर सूर्य ग्रहण लग रहा है, इसलिए पूजा सुबह से ही आरंभ करनी होगी।
बढ़ी बाजार की रौनक, दमकल विभाग सतर्क
जिले में दीपावली की तैयारियां जोरों पर हैं। बाजार सज गए हैं। दुकानदारों में धनतेरस पर्व को लेकर उत्साह नजर आ रहा है। इस बीच अग्निकांड या अन्य अप्रिय घटनाओं की आशंका को देखते हुए अग्निशमन विभाग ने भी कमर कस ली है। जिला अग्निशमन अधिकारी एनपी शर्मा ने बताया कि आगजनी की घटनाओं से निपटने के लिए उनके पास दो दमकल वाहन उपलब्ध हैं। दुकानदारों से कहा गया है कि वे तंग बाजारों में पटाखे न बेचें।
रंग-बिरंगी लाइटों के अलावा मिट्टी के दीये की पूछ बढ़ी
दिवाली के मद्देनजर इन दिनों बाजारों में रंग बिरंगी लाइटों के अलावा मिट् टी के बर्तनों और दिये की पूछ बढ़ी है। दीये बेच रहे राकेश ने बताया कि पिछले वर्ष के मुकाबले इस वर्ष बाजार भाव में अंतर आया है। इसके अलावा मिट्टी की मूर्तियां भी खूब बिक रही हैं।