चंडीगढ़ क्लब में डेविस कप के अभ्यास सत्र में इंडियन टीम के कोच आनंद अम्रितराज, साकेत और विष्णुवर्धन।
- फोटो : अमर उजाला
डेविस कप का शहर में काउंट डाउन शुरू हो गया है। इंडियन कोच अमृतराज ने मुकाबलों को लेकर कई बड़े खुलासे किए। चंडीगढ़ ग्रास कोर्ट पर भारत और दक्षिण कोरिया के बीच एशिया ओशियाना ग्रुप-1 के मुकाबले 15 से 17 जुलाई तक खेले जाएंगे। रविवार तक लिएंडर पेस को छोड़कर बाकी भारतीय टीम के सदस्य शहर पहुंचे। मीडिया से बातचीत में भारतीय टीम के कोच जीशान अली और नॉन प्लेइंग कैप्टन आनंद अमृतराज ने कहा कि ग्रास कोर्ट का उनके खिलाड़ियों को लाभ मिलेगा। इतना ही नहीं आनंद का कहना था कि टीम में सबसे अनुभवी लिएंडर पेस पहले ही विंबलडन टूर्नामेंट ग्रास पर खेल रहे हैं, जबकि साकेत और रामनाथन भी विंबलडन के क्वालीफाइंग राउंड खेलकर आए हैं। कोच और नॉन प्लेइंग कैप्टन की राय में हमारे खिलाड़ियों का पहले से ग्रास कोर्ट पर खेलना टीम के काम आएगा।
पेस-बोपन्ना की जोड़ी ने खेले अधिक मैच
जीशान अली और आनंद अमृतराज ने इस डेविस कप टाई में सबसे अहम डबल्स जोड़ी मानी जा रही पेस-बोपन्ना को साथ में अधिक अभ्यास और टूर्नामेंट खेलने की सलाह दी है। अमृतराज से जब सवाल किया कि रियो की तैयारी के लिहाज से भारत के लिए डबल्स मुकाबला कितना अहम है, तो उनका कहना था कि यह सिर्फ एक मैच होगा। दोनों को चाहिए कि वह टेनिस कोर्ट पर अधिक समय साथ में बिताएं।
कोरिया को हल्के में नहीं ले सकते
अमृतराज के मुताबिक भारत को दक्षिण कोरिया के खिलाफ घरेलू माहौल का फायदा मिलेगा। लेकिन वे फिर भी विपक्षी टीम को हल्के में नहीं लेना चाहते। उन्होंने 2013 में कोरिया के खिलाफ डेविस कप टाई में 1-4 की हार का जिक्र करते हुए कहा था कि तब हमारी टीम अपनी लय में नहीं थी। दिल्ली में मुकाबले हार्ड कोर्ट में हुए थे, इसी को देखते हुए इस बार ग्रास कोर्ट पर खेलने पर फैसला किया गया।
देखते युवा खिलाड़ी दबाव कैसे झेलते हैं
कोच जीशान अली ने कहा कि हमारे पास साकेत और रामनाथन जैसे युवा खिलाड़ी हैं। अब देखना है कि वह इस डेविस कप के दबाव को कैसे लेते हैं। उनका कहना है कि दोनों काफी प्रतिभाशाली हैं। उनके पास खुद को साबित करने का यह बेहतरीन मौका होगा।
पेस को छोड़कर सभी पहुंचे
डेविस कप के लिए भारतीय खेमे में पेस को छोड़कर बाकी सभी सदस्य शहर पहुंच चुके हैं। रविवार को चंडीगढ़ क्लब के ग्रास कोर्ट पर रोहन बोपन्ना, विष्णुवर्धन, साकेत मेयनी, रामनाथन ने डेविस कप कोच जीशान अली और नॉन प्लेइंग कैप्टन की देखरेख पर जमकर अभ्यास किया।