शहरवासियों को इस मौसम में सतर्क रहने की जरूरत है, क्योंकि डेंगू के लिए चंडीगढ़ में अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। पिछले दिनों रुक-रुक कर बारिश हुई है। इससे कई जगह पानी जमा हो गया है। पानी में लारवा भी बन रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के मलेरिया विंग को कई जगह लारवा मिले हैं। उन्हें एकत्र कर पीजीआई के पैरासिटोलॉजी डिपार्टमेंट में भेज दिया गया है। मलेरिया विंग ने 228 लोगों को नोटिस जारी किए हैं।
हालांकि अब तक शहर से डेंगू का कोई केस नहीं मिला है। दिल्ली में मंगलवार को सात लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। हरियाणा-पंजाब से एक भी केस नहीं आया है। लेकिन मलेरिया विंग ने खतरे को भांपते हुए अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। फील्ड टीमें शहर में उतर गईं हैं और पानी भरने वाली जगहों को चेक कर रही हैं।
जहां की स्थिति खराब दिख रही है, उन घरों, दफ्तरों और धार्मिक स्थलों को नोटिस दिए जा रहे हैं। पिछले 15 दिन के भीतर कुल 228 नोटिस जारी किए जा चुके हैं। साथ ही हिदायत भी दी जा रही है कि यदि दोबारा से पानी जमा हुआ तो चालान काट दिए जाएंगे। चालान में सजा व जुर्माने दोनों का प्रावधान है। मलेरिया विंग का कहना है कि लोगों को एहतियात बरतने की जरूरत है। लोग अपने घरों के आसपास पानी न जमा होने दें।
इसलिए मिल रहे हैं लारवा
एंटी मलेरिया अधिकारी डा. गौरव अग्रवाल ने बताया कि जनवरी से लेकर मार्च तक दिन के तापमान में साढे़ तीन डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की जा चुकी है। इसके अलावा पिछले दिनों कई बार बारिश हुई है। जिससे रात का तापमान कम और दिन का तापमान अधिक दर्ज किया जा रहा है। ये स्थितियां डेंगू मच्छरों के लिए अनुकूल होती हैं। फील्ड स्टाफ को सेक्टर 11, खुड्डा अली शेर, खुड्डा जस्सू और सेक्टर 15 से डेंगू के लारवा भी मिले हैं। उनका कहना है कि अप्रैल के आखिर तक तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है।
ये कदम उठाएं लोग
1.कहीं भी पानी न जमा होने दें
2.जिन लोगों ने बालकनी में कूलर रखे हैं, उन्हें भी चेक करें।
3.टंकियों को ढक कर रखें।
4.सप्ताह में घर में रखे गमलों का पानी एक बार जरूर बदलें
गौरव अग्रवाल, एंटी मलेरिया आफिसर , चंडीगढ़ स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि तापमान में आ रहे बदलाव से एडीज और क्यूलेक्स के लारवा मिले हैं। उन्हें पीजीआई को भेज दिया गया है। साथ ही जहां पर पानी भरा दिख रहा है, वहां पर नोटिस दिए जा रहे हैं। अब तक 228 लोगों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं।