मनीमाजरा। चंडीगढ़ टेनामेंट्स कॉलोनी और रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधि मंडल ने चंडीगढ़ के चीफ सेक्रेटरी माननीय राजेश प्रसाद से मुलाकात कर टेनामेंट कॉलोनियों में रह रहे लोगों को मकानों का मालिकाना हक दिए जाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
संस्था के अध्यक्ष एवं पूर्व डिप्टी मेयर अनिल कुमार दुबे ने कहा कि टेनामेंट कॉलोनियों में रहने वाले लोग वर्षों से अपने हक के लिए संघर्ष कर रहे हैं और अब उन्हें उनका अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने कॉलोनीवासियों की प्रमुख चिंता मकानों के मालिकाना हक का मुद्दा चीफ सेक्रेटरी के समक्ष विस्तार से रखा और प्रशासन से सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया।
अनिल दुबे ने बताया कि चीफ सेक्रेटरी राजेश प्रसाद ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए सभी विषयों को ध्यानपूर्वक सुना और आश्वासन दिया कि चंडीगढ़ प्रशासन कॉलोनियों में रह रहे लोगों की जायज मांगों पर गंभीरता से विचार करेगा। उन्होंने कहा कि कॉलोनीवासियों को राहत देने के लिए उनके हक में उचित रणनीति तैयार की जाएगी।
इस अवसर पर सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार चंडीगढ़ के वेंडरों को वेंडिंग जोन में शिफ्ट करने के आदेश का मुद्दा भी उठाया गया। अनिल कुमार दुबे ने (वेंडर एक्ट) के तहत शहर में उचित वेंडर जोन चिन्हित कर विकसित करने की मांग रखी, ताकि वेंडर अपनी रोज़ी-रोटी सुचारू रूप से चला सकें। इस दौरान उनके साथ चंडीगढ़ के पूर्व मेयर व पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद, चेयरमैन दीपक शर्मा, पूर्व पार्षद रामलाल बैरवा, उपाध्यक्ष बलबीर सिंह, रामलाल, सचिव सतपाल, ललित कुमार और रवि कुमार आदि मौजूद रहे।