चंडीगढ़। मनीमाजरा सिविल अस्पताल में बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव से मरीजों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। लगभग तीन लाख की आबादी के लिए यह एकमात्र बड़ा सरकारी अस्पताल है, लेकिन यहां सीटी स्कैन और अल्ट्रासाउंड जैसी जरूरी जांच सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। दोपहर बाद एक्स-रे सेवा भी बंद हो जाती है।
मनीमाजरा ईडब्ल्यूएस रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजबीर सिंह भारतीय और चेयरमैन सुभाष धीमान ने कहा कि स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की कमी के चलते खासकर रात के समय मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। बच्चों के डॉक्टर की अनुपस्थिति से परिजन परेशान हैं। मजबूरी में मरीजों को सेक्टर-16, सेक्टर-32, पीजीआई या निजी अस्पतालों में जाना पड़ रहा है।
एसोसिएशन ने प्रशासन से जल्द जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। उन्होंने बताया कि वीरवार को भी ओपीडी में ईएनटी, आई और स्किन के डॉक्टर नहीं थे। मरीजों को लगातार बिना इलाज के लौटना पड़ रहा है।