आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान रविवार को लुधियाना के गांव धनांसू से प्रदेश की जनता को बड़ी सौगात देंगे। इस बीच पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने रैली स्थल का दौरा किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। रैली स्थल की पूरी सुरक्षा व्यवस्था स्पेशल डीजीपी (कानून-व्यवस्था) अर्पित शुक्ला और लुधियाना के नवनियुक्त पुलिस कमिश्नर कुलदीप सिंह चाहल के हाथों में है।
रैली के कारण मुख्य रूप से चार सड़कें प्रभावित होंगी। इनमें समराला चौक से कोहाड़ा रोड, साहनेवाल से कोहाड़ा रोड, नीलों से कोहाड़ा/धनांसू रोड और दक्षिणी बाइपास रोड शामिल हैं। पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। इसके मुताबिक समराला चौक से चंडीगढ़ साइड जाने वाला ट्रैफिक वाया शेरपुर चौक से दोराहा फिर नीलों साइड से चंडीगढ़ की तरफ जाएगा।
साहनेवाल चौक से कोहाड़ा साइड जाने वाला ट्रैफिक नीलों से होते हुए कटानी कलां के रास्ते भैणी साहिब से होते हुए कोहाड़ा-माछीवाड़ रोड की तरफ जाएगा। नीलो नहर पुल-चंडीगढ़ साइड से लुधियाना शहर की तरफ आने वाला ट्रैफिक नीलों नहर से दोराहा बाइपास होते हुए लुधियाना शहर की तरफ आएगा।