2022 के विधानसभा चुनाव की नजदीकियों को देखते हुए आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के पंजाब में सियासी दौरे शुरू हो गए हैं। इस बार वह 2 दिसंबर को पठानकोट से तिरंगा यात्रा की शुरुआत कर पंजाब के लोगों में राष्ट्रवाद की अलख जलाएंगे। पंजाब में केजरीवाल अब हर वर्ग को जोड़ने की घोषणा के साथ ही चन्नी और सुखबीर पर सीधे निशाना साध रहे हैं।
हाल ही में उन्होंने पंजाब का भी दौरा कर शिक्षकों के धरने में हिस्सा लिया था। इससे पहले वह शिक्षकों को 8 गारंटी दिए जाने की घोषणा भी कर चुके हैं। उनके साथ दिल्ली के उपमुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया भी पंजाब दौरे में उनका साथ दे रहे हैं। सिसोदिया भी शिक्षा जैसे मुद्दों को लेकर खुलकर फ्रंट फुट पर खेल रहे हैं। सिसोदिया अभी पंजाब दौरे पर हैं। अब एक बार फिर आम आदमी पार्टी के संयोजक 2022 के विधानसभा चुनाव के प्रचार के लिए 2 दिसंबर को पंजाब पहुंच रहे हैं। इस बार अरविंद केजरीवाल पठानकोट पहुंचेगें, जहां से वह तिरंगा यात्रा शुरू करेंगे।
सियासी जानकारों के अनुसार तिरंगा यात्रा के जरिए केजरीवाल पंजाब के लोगों को सीधे राष्ट्रवाद से जोड़ने की कोशिश करेंगे। चुनाव के लिए आप के इन सियासी मंचों के जरिए केजरीवाल सीधे अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं पर सीधा हमला कर रहे हैं। कांग्रेस के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और शिअद प्रधान सुखबीर बादल पर अब वह सीधा निशाना साध रहे हैं।
चन्नी का क्यों बचाव करते हैं सुखबीर
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर निशाना साधते हुए कहा है कि वह अपने भाषणों में सिर्फ मुझे ही निशाना बनाते हैं। मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी का वह बचाव करते नजर आते हैं। ट्वीट कर उन्होंने सुखबीर बादल से पूछा है कि वह ऐसा क्यों करते हैं।