केजरीवाल ने किसानों का समर्थन मांगते हुए कहा कि किसानों को बीमा नहीं बल्कि फसल खराब होने पर उन्हें दिल्ली की तरह प्रति एकड़ 20 हजार रुपये का मुआवजा दिया जाना चाहिए। फसल बीमा से किसानों को लाभ मिलने की बजाय बीमा कंपनियों के वारे-न्यारे हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र की सरकार द्वारा चलाई जा रही प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों के लाभ के लिए नहीं बल्कि यह तो डाका योजना है। बीमा योजना के स्थान पर किसानों को मुआवजा योजना का लाभ मिलना चाहिए।
शहीदों को मिले एक करोड़ रुपए की सहायता राशि
केजरीवाल ने शहीदों को सम्मान के रूप में एक करोड़ रुपए देने की अपनी दिल्ली सरकार द्वारा की गई घोषणा को हरियाणा में भी लागू करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि पहले जब कोई क्रिकेटर अपना शतक लगाता था तो उसे करोड़ों रुपये के इनामों की घोषणा की जाती थी, लेकिन गत सरकारों ने शहीदों के नाम पर राशि देने में कंजूसी बरती। दिल्ली में केन्द्र की सरकार से संघर्ष करके उन्होंने शहीदों के सम्मान में उनके परिवारों को एक करोड़ रुपये देने की न केवल घोषणा की बल्कि दिल्ली सरकार ने अब तक 18 शहीदों को यह राशि देकर उनका सम्मान किया है।
हरियाणा किसानों और जवानों की भूमि
उन्होंने फौजियों से अपील की है कि वे देश की रक्षा के साथ-साथ देश के अंदर भी अपनी सेवाएं दें। आम आदमी पार्टी कोई राजनीतिक पार्टी का नाम नहीं है बल्कि यह भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन का नाम है। दिल्ली के परिवहन मंत्री गोपाल राय ने कहा कि वे नए भारत और नए हरियाणा के लिए हरियाणा में दिल्ली से 10 गुणा काम करके दिखाएंगे। लोगों का साथ मिला तो न केवल नया हरियाणा बन सकेगा बल्कि विकास का नया मार्ग भी खुलेगा।
इस मौके पर हरियाण आप पार्टी के अध्यक्ष नवीन जयहिंद, लोकसभा के प्रभारी रि. मेजर जरनल रणबीर सिंह, अभय सिंह यादव, गायक केडी आदि ने भी अपने विचार रखे।
शहीद पुलिस कर्मी के परिजनों कोक दिया एक करोड़ रुपए का चेक
स्कूल अस्पताल रैली में जिला के गांव पड़तल निवासी तथा दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल योगेश कुमार के पिता इंद्र सिंह तथा उसकी पत्नी जीत देवी को एक करोड़ की राशि का चेक देकर तथा शाल भेंटकर उन्हें सम्मानित किया। शहीद की माता गीता देवी तथा उसका पुत्र नमन भी स्टेज पर उपस्थित थे। ज्ञातव्य है कि योगेश कुमार की दिल्ली में एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी।