दिल्ली विधानसभा चुनाव में चंडीगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद को अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। सूद नई दिल्ली में भाजपा प्रत्याशी सुनील यादव के पक्ष और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ चुनाव प्रचार करेंगे। सूद बुधवार को अपने दल के साथ दिल्ली के लिए रवाना होंगे और 6 फरवरी तक वह दिल्ली में ही रहेंगे।
प्रदेश मीडिया इंचार्ज रविंदर पठानिया ने बताया कि बुधवार 29 जनवरी को सूद के साथ युवा मोर्चा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अमित राणा सहित प्रदेश युवा मोर्चा के कार्यकर्ता दिल्ली रवाना होंगे। प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद ने इस चुनाव की रणनीति के लिए मंगलवार को पार्टी कार्यालय कमलम् में बैठक का आयोजन किया और रणनीति तय की।
उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ भाजपा के कार्यकर्ता पहले भी अन्य राज्यों में जाकर भाजपा उम्मीदवारों के पक्ष में चुनाव प्रचार करते आए हैं। इस बार चंडीगढ़ भाजपा को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ चुनाव प्रचार करने की जिम्मेदारी दी गई है, जिसको उनकी पार्टी के कार्यकर्ता निभाएंगे।
प्रशासक वीपी सिंह बदनौर से मिले अरुण सूद
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद ने मंगलवार को चंडीगढ़ के प्रशासक और पंजाब के राज्यपाल वीपी सिंह बदनौर से उनके निवास स्थान पर औपचारिक भेंटवार्ता की। इस दौरान अरुण सूद ने प्रशासक बदनौर से बातचीत करते हुए चंडीगढ़ और चंडीगढ़ वासियों के हितों पर भी विस्तृत रूप से चर्चा की और चंडीगढ़ के और अधिक विकास के लिए कुछ महत्वपूर्ण सुझाव भी प्रशासक के समक्ष रखे।