चंडीगढ़। बारिश के पूर्वानुमान के बीच तापमान में कमी तो आ गई है, लेकिन लगातार दूसरे दिन लोगों को उमस से राहत नहीं मिली। सोमवार को हवा में नमी का अधिकतम स्तर 88 फीसदी रिकॉर्र्ड हुआ, जबकि न्यूनतम स्तर 77 फीसदी। अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
मौसम विभाग का कहना है कि इस समय मानसून सक्रिय है। अगले तीन दिन बारिश होने की संभावना बनी रहेगी। सोमवार को ट्राइसिटी के कई इलाकों में बारिश हुई। चंडीगढ़ में करीब एक एमएम, जबकि एयरपोर्ट इलाके में तीन एमएम बारिश रिकॉर्ड हुई।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले तीन दिन अधिकतम तापमान 30 डिग्री से कम दर्ज किया जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किए जाने की संभावना है। अगले तीन दिन बादल छाए रहेंगे। कुछ जगहों पर छिटपुट बारिश हो सकती है, जबकि एक दो इलाकों में हल्की से भारी बारिश होने की संभावना बनी रहेगी।