मनीमाजरा। चंडीगढ़ के आईटी पार्क क्षेत्र में पॉकेट नंबर-10 के सामने एक सुनसान जगह पर एक युवक का गला-सड़ा शव मिला है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई, जिसके बाद आईटी पार्क थाना पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस को शाम करीब साढ़े पांच बजे शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि शव काफी पुराना और बुरी तरह सड़ा हुआ था। शव से तेज दुर्गंध आ रही थी। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है, जिसकी उम्र करीब 35 वर्ष अनुमानित है। शुरुआती आशंका नशे की हालत में पड़े रहने की है, पर मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलेगा। थाना प्रभारी मिनी भारद्वाज के नेतृत्व में पुलिस ने फोरेंसिक टीम बुलाकर साक्ष्य जुटाए। शव को सेक्टर-16 के सरकारी अस्पताल के शवगृह में रखवाकर शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।