कस्बे के एक निजी स्कूल के नौ वर्षीय छात्र की स्कूल पहुंचते ही मौत हो गई। वह घर से बस में सवार होकर अपनी बहन के साथ सकुशल स्कूल के लिए निकला था। इसी बीच बस में अचानक उसकी हालत बिगड़ गई।
बताया जाता है कि नौ वर्षीय दीपक कुमार पुत्र राज किरण गांव कोटली हरचंदा अपनी बहन दीक्षा के साथ प्रतिदिन की तरह बुधवार को भी स्कूल बस में सवार होकर सैंट जोजफ स्कूल काहनूवान पहुंचा। बताया जाता है कि स्कूल के करीब पहुंचने पर उसकी हालत अचानक बिगड़ गई।
इस बीच जैसे ही वह स्कूल के सामने बस से उतरा चक्कर आने के बाद वह वहीं बेहोश होकर गिर पड़ा। आनन-फानन में बस के चालक हरजिन्द्र सिंह व स्कूल के ही कुछ विद्यार्थियों ने उसे तुरंत काहनूवान के एक निजी अस्पताल में पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पिता राज किरण ने बताया कि दीपक उनका एकलौता पुत्र था। वैसे तो वह पूरी तरह स्वस्थ था। उसने अपनी तबीयत खराब होने के बारे में घर वालों को पहले से कुछ नहीं बताया था। उन्हें नहीं मालूम कि बस में अचानक उसकी हालत कैसे बिगड़ गई।