लगभग दो सप्ताह पहले जालंधर के एक पुलिस अधिकारी से तंग आकर दो भाइयों ने गोविंदलाल पुल दरिया में छलांग लगाई थी। शनिवार को दरिया के नजदीक खेतों से एक शव बरामद हो गया। मृतक के परिवार ने शव की पहचान कर ली। इसके बाद पुलिस को दिए बयान के आधार पर तीन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। तलवंडी चौधरियां थाना प्रभारी जसपाल सिंह ने इसकी पुष्टि की है।
उन्होंने बताया कि परिवार की शिकायत पर थाना डिवीजन नंबर 1 के तत्कालीन प्रभारी नवदीप सिंह, महिला कॉन्स्टेबल जगजीत कौर और मुंशी बलविंदर सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। तीनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने के लिए धारा 306 और थाने में धमकाने के लिए धारा 506 और पुलिस रुल 34 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मृतक के परिवार ने बताया कि तीनों ने ही थाने में मानवजीत के साथ मारपीट की थी और उसकी पगड़ी तक उतार दी थी। परिवार की मांग थी कि एसएचओ नवदीप सिंह पर पगड़ी की बेअदबी करने के लिए धारा 295 में भी केस दर्ज किया जाए।