पटियाला के एक रिहायशी इलाके के पास पड़े खाली प्लाट से एक नवजन्मी बच्ची का शव मिला है जिसे कुत्तों ने नोच डाला था। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्जकर लिया है। थाना कोतवाली के इंचार्ज सुखदेव सिंह ने बताया कि न्यू मालवा कालोनी नजदीक सन्नौरी अड्डा के रहने वाले अमित कुमार ने सूचना दी थी कि गुरदेव एनक्लेव के पास एक खाली प्लाट में नवजन्मी बच्ची का शव नग्न हालत में पड़ा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देखा कि नवजन्मी बच्ची को चार-पांच कुत्ते नोच रहे थे। पुलिस ने पाया कि बच्ची 10 से 12 दिन की थी।
कुत्तों ने नोचकर बच्ची के सिर को धड़ से अलग कर दिया था और सिर का पिछला हिस्सा लगभग खा चुके थे। पुलिस का कहना है कि अज्ञात के खिलाफ मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी गई है।
इंस्पेक्टर सुखदेव सिंह ने बताया कि मामले की जांच के लिए एक महिला इंस्पेक्टर को तैनात कर दिया गया है। वह अपनी टीम के साथ शहर के विभिन्न अस्पतालों व नर्सिंग होम, क्लीनिक में जाकर बच्ची के पैदा होने के बारे में पता करेगी। साथ ही बच्ची का डीएनए भी सुरक्षित रख लिया है ताकि आरोपियों का पता लगने पर डीएनए की जांच की जा सके। उन्होंने कहा कि आरोपियों को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।