पाक में 200 साल पुराना मंदिर खोला गया।
पाकिस्तान सरकार ने पहली बार बलूचिस्तान के इलाके जौब में स्थित ऐतिहासिक मंदिर को स्थानीय हिंदुओं के लिए खोल दिया है। यह मंदिर लगभग 200 वर्ष पुराना है। इलाके के डीसी तल्हा सलीम और एक मस्जिद के इमाम मौलाना अल्लाह दाद खान के प्रयासों से यह मंदिर पूजा के लिए हिंदुओं को सौंपा गया है। 32 वर्ष पहले इस मंदिर में एक प्राइमरी स्कूल खोल दिया गया था।
अब इस स्कूल को बंद कर मंदिर के किवाड़ खोल दिए गए हैं। 72 वर्ष तक बंद रहे इस मंदिर के भवन की बाहरी दीवारें कई जगह से टूटी हुई हैं। मंदिर स्थानीय हिंदुओं को सौंपने के लिए वहां पर एक प्रार्थना सभा भी हुई। इसमें हिंदुओं के साथ-साथ सिख और मुस्लिम भाईचारे ने भी हिस्सा लिया। मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार पर पाकिस्तान झंडा लगा दिया गया है।
उद्घाटन समारोह के दौरान एक पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मी मंदिर की छत पर हथियार लेकर ड्यूटी देता रहा। इस अवसर पर डीसी ने हिंदू समुदाय को विश्वास दिलाया है कि जल्दी ही मंदिर का जीर्णोद्धार करवा दिया जाएगा। कुछ लोग इस मंदिर को जैन समुदाय के साथ जोड़ रहे हैं। जिस तरह मंदिर के गुबंद बने हुए हैं, वह जैन मंदिर वास्तु कला के अनुसार है।
बता दें कि पाकिस्तान सरकार ने पिछले साल सियालकोट स्थित एक हजार वर्ष पुराने शिवाला तेजा मंदिर को दर्शनों के लिए खोला था। यह मंदिर भी देश विभाजन के बाद से बंद पड़ा था। इस मंदिर को हिंदुओं को सौंपने से पहले पाकिस्तान सरकार ने मंदिर का जीर्णोद्धार भी करवाया था।