बीते 8 जनवरी से लापता युवक का शव सुखना लेक में मिला है। युवक घरवालों से यह कहकर निकला था कि वह दोस्तों के साथ क्रिकेट खेलना जा रहा है लेकिन तब से वह वापस नहीं लौटा। युवक के पिता के अनुसार, घर में उसके रिश्ते की बात चल रही थी। तभी से वह लापता है। मृतक की पहचान सेक्टर-22 निवासी अरुण कुमार उर्फ (28) सन्नी के रूप में हुई है। सेक्टर-22 चौकी पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
घटना मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे की है। जब लेक के सीढ़ी नंबर-10 के पास मछली पकड़ने के दौरान कांटे में एक शव फंस गया। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर सेक्टर-3 थाना प्रभारी जसपाल सिंह ने मौके पर टीम के साथ पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को बाहर निकालकर तुरंत सेक्टर-16 के शव गृह में रखवाया। पुलिस जांच में शव चार से पांच दिन पुराना लग रहा था। इसके बाद पुलिस ने मृतक अरुण की पहचान कर घटना की सूचना परिजनों को दी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद ही साफ हो पाएगा कि युवक की मौत पानी में डूबने की वजह से हुई है या कोई और कारण है।
9 जनवरी को पुलिस ने दर्ज किया था डीडीआर
पुलिस जांच में सामने आया कि अरुण बीते 8 जनवरी से अपने घर से लापता था। परिजनों ने अपने स्तर पर पहले जांच शुरू की। जब अरुण नहीं मिला तो मामले की शिकायत पर सेक्टर-22 चौकी पुलिस गुमशुदगी की डीडीआर दर्ज कर उसकी तलाश कर रही थी। अब घटना के छह दिनों बाद शव मिलने पर पुलिस ने सभी एंगल से जांच शुरू कर दी है।
मोबाइल था स्विच ऑफ
मृतक के पिता नारायण दत्त ने बताया कि अरुण दो भाइयों में बड़ा है। उसकी घर में शादी की बात चल रही थी। बीते 8 जनवरी की दोपहर करीब एक बजे अरुण घरवालों से यह कहकर गया कि वह दोस्तों के साथ क्रिकेट खेलना जा रहा है लेकिन वह रात तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद उसकी रिश्तेदार समेत अन्य जगहों पर उसकी तलाश की गई लेकिन वह कहीं नहीं मिला। इस दौरान जब उसको फोन करने की कोशिश की गई तो मोबाइल स्विच ऑफ था। इसके बाद अगली सुबह मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
दो दिन की छुट्टी पर था अरुण
नारायण दत्त ने बताया कि वह पंजाब सीएम हाउस में बतौर पियून तैनात हैं, जबकि उनका बेटा अरुण इंडस्ट्रियल एरिया स्थित नीडल फैक्टरी में काम करता था। अरुण की पिछले दो दिनों से तबीयत कुछ खराब चल रही थी। इसके चलते वह छुट्टी पर था। 9 जनवरी को उसे काम पर जाना था।