सदर नाभा थाने में मोहाली के गांव डकौली की लुटेरी दुल्हन व उसके परिवार के खिलाफ दर्ज मामले में नया खुलासा हुआ है। लुटेरी दुल्हन ने अब तक पांच शादियां की हैं और इन सभी शादियों के वक्त उसने पुलिस के शिकंजे से बचने और अपने काम को सही तरीके से अंजाम देने के लिए अलग-अलग फर्जी नाम रखे थे। साथ ही इस दुल्हन के दो बच्चे भी हैं। फिलहाल इस मामले में पुलिस अभी किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
जांच अधिकारी रोहटी पुल पुलिस चौकी के इंचार्ज एएसआई मनजीत सिंह ने बताया कि गांव समला के रहने वाले जगदीप सिंह के मुताबिक उसकी आरोपी महिला मनप्रीत कौर के साथ 10 अक्तूबर 2018 को शादी हुई थी। शादी के 15 दिन बाद ही उसने अपने ससुराल वालों को तंग करना शुरू कर दिया।
इसी बीच वह घर से 20 हजार की नकदी व सारे कपड़े वगैरह लेकर फरार हो गई। ऊपर से मायका परिवार की मदद से ससुरालियों पर ही दहेज के लिए तंग करने व मारपीट का पर्चा दर्ज करा दिया। बाद में समझौते के नाम पर जगदीप सिंह के परिवार से एक लाख रुपये ले लिए।
जब ससुरालियों ने मामले में आवाज उठाई तो जांच में खुलासा हुआ कि इस महिला ने पहले भी इसी तरह से चार और शादियां की थीं। बाद में लड़ झगड़ कर मायके आना और फिर पंचायती समझौते जरिये ससुरालियों से लाखों रुपये ऐंठ लेती थी। पुलिस के मुताबिक मामले में खुलासा हुआ है कि हर शादी के वक्त इसने नया फर्जी नाम रखा, ताकि पकड़ी न जा सके। यही नहीं इसके दो बच्चे भी हैं।
वहीं शिकायतकर्ता जगदीप सिंह को इसने केवल एक बच्चा होने की बात कही थी। जगदीप सिंह की भी पहले शादी हो चुकी थी और एक बेटा था। बेटे की देखभाल के लिए ही उसने दूसरी शादी की थी। फिलहाल इस मामले में अभी न तो लुटेरी दुल्हन और न ही उसकी मां बलजीत कौर, पिता बीर सिंह, भाई काला सिंह की गिरफ्तारी हो सकी है।