कोटली नहर में छलांग लगाने वाली महिला डॉक्टर का तीन दिन बाद बब्बेहाली (गुरदासपुर) में शव मिला है। मृतक महिला डॉक्टर जीवन ज्योति के परिजनों ने उसके शव की पहचान की। थाना तिब्बड़ी की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। गुरुवार देर शाम साढ़े पांच बजे शव नहर से बरामद हुआ।
बता दें, सोमवार को कोटली नहर के पास सैर करने वाले व्यक्ति ने कार को खड़े देखा, जिसके बाद उसने लोगों को बताया। पुलिस को सूचना देने पर थाना सदर की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद पुलिस ने मामले की पड़ताल की तो उक्त कार महिला डॉक्टर जीवन ज्योति (29) की पाई गई। आशंका व्यक्त की जा रही थी कि महिला डॉक्टर किसी बात को लेकर परेशान थी और उसने नहर में छलांग लगाई है।
डॉक्टर जीवन ज्योति पंडोरी महंता हेल्थ सेंटर पर तैनात थी। इसके बाद पुलिस ने गोताखारों की मदद से दो दिनों तक नहर में उनका पता लगाने की कोशिश की। गुरुवार की देर शाम डॉक्टर जीवन ज्योति का शव पचास किलोमीटर दूर बब्बेहाली में मिला। परिजनों को सूचित करने के बाद वह मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की।