आरोपी पीजीआई में आयुष्मान और हिमकेयर के तहत इलाज करवाने आने वाले मरीजों का डेटा चोरी कर बलराम को देता था। एक मरीज का डेटा देने पर बलराम उसे दो हजार रुपये देता था। हिमकेयर में अब तक छह से सात मरीजों का डेटा चोरी होने की पुष्टि हो चुकी है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
चंडीगढ़ पीजीआई में आयुष्मान भारत के नाम पर करोड़ों रुपये के घोटाले के बाद अब हिमाचल की हिमकेयर योजना में भी लाखों रुपये के फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है।
विज्ञापन
हिमकेयर योजना के तहत इलाज कराने आने वाले मरीजों का डेटा दो हजार रुपये प्रति मरीज के हिसाब से बेचा जाता था। यह खुलासा क्राइम ब्रांच के सामने पीजीआई के कर्मचारी कपिल ने किया है। वह पीजीआई के नेहरू अस्पताल में डेटा ऑपरेटर है।
पीजीआई के डॉक्टरों की मुहरें और आयुष्मान भारत के फर्जी बिल व इंडेंट बिल के साथ पकड़े गए कांगड़ा के रमन से पूछताछ के बाद क्राइम ब्रांच ने पहले बलराम और अब कपिल को गिरफ्तार किया है।
मुहर लगा तैयार कर लेता था फर्जी कॉपी
अमर उजाला ने 9 मार्च को आयुष्मान भारत के नाम पर पीजीआई में करोड़ों का घोटाला, लाखों की दवा बरामद शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। इसमें बताया था कि आरोपी बलराम आयुष्मान के तहत पीजीआई में इलाज करवाने आने वाले मरीजों का डेटा चोरी करता था। आरोपी डेटा के हिसाब से मरीजों का नाम लिखकर आयुष्मान विभाग की मुहर लगाकर सेम कॉपी फर्जी तैयार कर लेता था। इसके बाद उस कार्ड पर लाखों की दवाइयां लेकर बाजार में बेच देता था।
ऐसे हुआ था मामले का खुलासा
फरवरी में कांगड़ा निवासी आरोपी रमन अमृत फार्मेसी में पीजीआई के नाम पर आयुष्मान भारत के बिल पर दवा का नाम लिखकर फर्जी नर्सिंग मुहर लगाकर 60 हजार रुपये की दवाएं लेने गया। उसे दवा मिल गई, बिल भी पास हो गया, लेकिन बिल पर किसी और डिपार्टमेंट के डॉक्टर की मुहर लगी थी। पीजीआई के सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़कर पीजीआई चौकी के हवाले कर दिया। उसके कब्जे से आठ मुहरें, आयुष्मान भारत के फर्जी बिल और एक इंडेंट बुक बरामद हुई थी। सेक्टर-11 थाना पुलिस ने आरोपी रमन को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद केस की जांच क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर हो गई।