पंजाब में घातक कोरोना वायरस का प्रकोप थम नहीं रहा है। नवांशहर, अमृतसर, मोहाली, होशियारपुर के बाद कोरोना से पीड़ितों की गिनती में मंगलवार को जालंधर जिला भी जुड़ गया। सोमवार को जहां राज्य में केवल दो नए मामले सामने आए थे, वहीं मंगलवार को राज्य में कोरोना से पीड़ित सात और लोगों को आइसोलेशन वार्ड में दाखिल कर लिया गया है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर है। इसके साथ ही राज्य में कोरोना से पीड़ितों की कुल संख्या 30 हो गई है।
राज्य सरकार की ओर से जारी सूचना के अनुसार मंगलवार को जो छह नए मामले सामने आए हैं, उनमें से तीन जालंधर जिले के फिल्लौर कस्बे के हैं। एक मामला लुधियाना का है। वहीं, तीन अन्य मामले नवांशहर के उस व्यक्ति से जुड़े हैं, जिसकी बीते दिनों कोरोना वायरस के कारण मौत हो गई थी। इसके साथ ही मृतक से संबंधित पॉजिटिव केसों की संख्या 17 हो चुकी है।
पंजाब में कोरोना का सबसे बुरा प्रभाव नवांशहर पर ही पड़ा है। वहीं मोहाली में 5, जालंधर में 3, अमृतसर में 2 और होशियारपुर जिले में एक केस सामने आ चुका है। मंगलवार तक स्वास्थ्य विभाग ने 282 संदिग्ध मामलों में सैंपल लेकर जांच की। इनमें से 220 लोगों के सैंपल निगेटिव पाए गए हैं जबकि 33 लोगों की जांच रिपोर्ट का इंतजार है।
इन 33 लोगों और उनके करीबियों को गहन निगरानी में रखा गया है। फतेहगढ़ साहिब के एक संदिग्ध मरीज को पीजीआई चंडीगढ़ भेजा गया था, जहां मरीज की किसी अन्य बीमारी के कारण मृत्यु हो गई। पीजीआई की जांच रिपोर्ट के अनुसार मरीज में कोविड-19 के लक्षण नहीं पाए गए।