भाजपा से गठबंधन टूटने की अटकलों के बीच जननायक जनता दल (जजपा) के लिए अपने ही बागी विधायकों को साधना बड़ी चुनौती बन गया है। हलकों में काम नहीं होने और अफसरशाही को लेकर समय-समय पर जजपा के विधायक विधानसभा में भी सरकार को घेरते रहे हैं।
अब गठबंधन के मामले को लेकर जजपा नेतृत्व द्वारा बुलाई गई विधायक दल की बैठक में विधायकों के नहीं पहुंचने से साफ हो गया है कि जजपा में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। हालांकि, समय-समय पर जजपा नेतृत्व नाराज विधायकों को मनाने की कोशिशें करता रहा है, लेकिन विधायकों की नाराजगी कम होने के बजाय बढ़ती ही जा रही है।
यह भी पढ़ें: पंजाब पुलिस को बड़ी सफलता: लुधियाना से 8.49 करोड़ की डकैती के पांच आरोपी काबू, 60 घंटे के अंदर सुलझा मामला
सरकार बनने के बाद से नारनौंद से विधायक रामकुमार गौतम सरकार और जजपा नेतृत्व पर निशाना साधते रहे हैं। इनके बाद नरवाना से जजपा विधायक रामनिवास सुरजाखेड़ा डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के बजाय खुलकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल का गुणगान करते हैं। दोनों विधायक न तो जजपा के किसी कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे हैं और न ही कभी जजपा नेतृत्व से मुलाकात करते हैं। इनके अलावा, गुहला चीका से विधायक ईश्वर सिंह भी हलके में विकास नहीं होने के आरोप लगाते रहे हैं, जबकि हाल में ही शाहाबाद से विधायक रामकरण काला ने शुगरफैड चेयरमैन पद से इस्तीफा देकर मामले को और गरमा दिया है।
पार्टी के अंदर विधायकों की चल रही नाराजगी को भांपते हुए जजपा नेतृत्व ने दसों विधायकों की बैठक बुलाई थी, लेकिन इसमें 6 विधायक ही आए। नैना चौटाला और जोगीराम सिहाग निजी कार्यक्रम होने के चलते नहीं आ पाए, जबकि गौतम और सुरजाखेड़ा खुलकर जजपा के खिलाफ हैं। दो विधायकों के बाद कहीं और विधायकों की नाराजगी न बढ़े, इसके लिए जजपा हाईकमान ने विधायकों को साधने की कोशिशें शुरू कर दी हैं। हालांकि, ये तो समय ही बताएगा कि विधायकों की नाराजगी दूर होती है या नहीं।
हमारा गठबंधन से कोई वास्ता नहीं : गौतम
नारनौंद से जजपा विधायक रामकुमार गौतम ने कहा कि मेरा किसी से कोई गठबंधन नहीं है। जब गठबंधन हुआ था न तो तब हमसे पूछा गया था और न ही अब हमें पता है कि टूटेगा या चलेगा। दोनों पार्टियों को जो ठीक लगेगा, वो ही करेंगे। ये किस चीज का गठबंधन है, सिर्फ लूट के लिए है और जनता ये जान चुकी है। वहीं, नरवाना से जजपा विधायक सुरजाखेड़ा ने कहा डिप्टी सीएम की ओर से नरवाना में कोई काम नहीं कराया गया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अगुवाई में विकास कार्य चल रहे हैं।