चंडीगढ़। सेक्टर-17 के बस अड्डे पर सीटीयू की कई यूनियनों ने मिलकर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। यूनियन के अधिकारियों ने कहा कि यूटी प्रशासन को सेक्टर-17 से बस सेवा शुरू करने और सब्जी मंडी हटाने के लिए पत्र लिखा गया था। हालांकि इस पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इस अनदेखी से सीटीयू को लाखों रुपये का नुकसान हो रहा है।
अधिकारियों ने कहा कि अपने शहर की बस सेवा बंद करके गैर कानूनी प्राइवेट बसों को लाभ दिया जा रहा है। ये बसें जम्मू, कटरा, राजस्थान, यूपी, बिहार और गंगानगर से चंडीगढ़ आ रही है। इन पर किसी तरह की कोई रोक नहीं लगाई जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द सब्जी मंडी को सेक्टर 17 से हटाया जाए और लंबे रूट की बस सर्विस को शुरू किया जाए। इसके साथ हरियाणा, पंजाब और हिमाचल रोडवेज को चंडीगढ़ आने की अनुमति दी जाए। इस मौके पर वर्कर, कंडक्टर, एंप्लाइज यूनियन, वीसी वेलफेयर एसोसिएशन के सतिंदर सिंह, भूपेंद्र सिंह, दविंदर सिंह और बलदेव सिंह के साथ अन्य सदस्य मौजूद रहे।