चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (सीटीयू) बसों की अब ऑनलाइन टिकट बुकिंग सुविधा भी शुरू होने जा रही है। इस नई सुविधा के बाद लोगों को टिकट की लंबी लाइनों से छुटकारा मिल जाएगा। आईटी डिपार्टमेंट ने ऑनलाइन बुकिंग के लिए सॉफ्टवेयर तैयार किया है।
ऑनलाइन बस रिजर्वेशन सिस्टम का सफल टेस्ट भी हो चुका है। फरवरी के आखिर तक यह सुविधा शुरू किए जाने का दावा ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट कर रहा है। पहले फेज में सिर्फ लंबी दूरी की बसों के टिकट की ही ऑनलाइन बुक करवाई जा सकेगी। इसके बाद दूसरे फेज में इंटर सिटी बस सर्विस में भी यह सुविधा उपलब्ध होगी। शहर में चलने वाली लोकल बसों का टिकट भी इसी माध्यम से बुक करवाया जा सकेगा।
सीटीयू के बेड़े में इस समय 470 बसें हैं। जो चार अलग-अलग डिपो से चलाई जाती हैं। इनमें से 87 बसें लंबे रूट की हैं। जबकि बाकी ट्राईसिटी में चलती हैं। सीटीयू लंबी दूरी की बसों को बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू कर चुका है। 200 नई बसों की खरीद की जा रही है। जिसमें 40 सुपर लग्जरी, 40 एचवीएसी और 120 सामान्य बसें शामिल हैं। सुपर लग्जरी बसें सीटीयू पहली बार खरीदेगा। अभी तक सीटीयू के पास एक भी सुपर लग्जरी बस नहीं है।