रेप की घटनाओं से जूझ रही हरियाणा पुलिस के लिए एक और नई चुनौती सामने आ गई है। राज्य में अपराधी एके 47 लेकर घूम रहे हैं। पुलिस के खुफिया तंत्र को इस बात की जानकारी मिली है। यह जानकारी पुलिस के आला अधिकारियों को भी दे दी गई है। इसके बाद से अधिकारी भी सकते में हैं।
जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने नई गठित एसटीएफ को बुलेट प्रूफ जैकेट देने के आदेश दिए हैं। पंजाब में आतंकवाद के दौर में हरियाणा में स्वचालित हथियार देखे गए थे। उसके बाद किसी स्थानीय अपराधी के पास एके 47 होने की सूचना पहली बार आई है। जिससे पुलिस के हाथ-पैर फूल गए हैं।
आखिर पहुंची कैसे
पुलिस के माथे पर चिंता की लकीरें इस बात की है कि इस एके 47 से कोई बड़ा कांड न हो जाए। जबकि जांच का विषय यह है कि यह स्वचालित हथियार सूबे में आया कैसे। वर्ष 2008 में हरियाणा पुलिस ने एक कंट्रीमेड कार्बाइन और 9 एमएम की पिस्टल पकड़ी थी। इस केस में तत्कालीन पुलिस अधीक्षक अमिताभ ढिल्लों ने बिहार में रेड कर भारी मात्रा में असलहे और कंट्रीमेड हथियार बनाने की मशीनें बरामद की थीं।
राज्य में कई गिरोह सक्रिय
हरियाणा में इस समय कई ऐसे अपराधी गिरोह सक्रिय हैं, जो आने वाले समय में पुलिस की परेशानी कारण बनेंगे। वर्तमान में 40 से ज्यादा मोस्ट वांटेड दूसरे राज्योें में हैं। वहीं कई अपराधी जेल से ही अपना गैंग चला रहे हैं। अंतर राज्यीय संगठित अपराध को खत्म करना पुलिस के लिए मुश्किल हो रहा है।