जींद जिले के गांव धनौरी में शादी समारोह से दादी की लाई मिठाई खाने पर एक युवक ने अपने मौसेरे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने मृतक युवक के पिता मिठ्ठू लाल की शिकायत पर आरोपी तरसेम के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। पोस्टमार्टम सुबह कराया जाएगा। जानकारी के अनुसार, जींद जिले के गांव धनौरी निवासी दो मौसेरे भाइयों विकास और तरसेम का घर आसपास ही है।
उनकी दादी मंगलवार को किसी शादी समारोह से लौटी थीं और लड्डू लेकर आईं थीं। दादी ने लड्डू को विकास (20) के घर एक पीपे (बॉक्स) में ताला लगाकर रखा था। इसी बीच विकास का मौसेरा भाई तरसेम (20) आ गया और पीपा खोलकर लड्डू को खा लिया। उसी समय विकास भी वहां आ गया। दोनों में मिठाई खाने को लेकर झगड़ा हो गया।
आरोप है कि बाद में तरसेम ने खेत में ले जाकर विकास की छाती में गोली मार दी। विकास को गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कार्रवाई के लिए अस्पताल पहुंचे एसएचओ गढ़ी कुलदीप कुमार ने बताया कि शाम करीब छह बजे अस्पताल से पुलिस को एक युवक के गोली मारने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।