लूटपाट के मामले में लुधियाना के डेहलों पुलिस द्वारा मंगलवार को गिरफ्तार किए गए डाबा लोहारा रोड निवासी अजय कुमार (22) की बुधवार देर शाम को जेल पहुंचते ही संदिग्ध हालात में मौत हो गई। डेहलों पुलिस आरोपी को जेल की ड्योढ़ी में छोड़कर मुड़ी ही थी कि वह बेहोश होकर गिर पड़ा। युवक को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने के बाद थाना डिवीजन सात की पुलिस भी मौके पर पहुंची। मजिस्ट्रेट के सामने अजय कुमार के शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा। जेल सुपरिंटेंडेंट शमशेर सिंह ने बताया कि अजय कुमार को उसके दो साथियों के साथ थाना डेहलों की पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार किया था। बुधवार देर शाम को डेहलों पुलिस मुलाजिम तीनों को जेल छोड़ने आए थे। वह तीनों को जेल स्टाफ के पास सुपुर्द कर बाहर ही निकले थे कि ड्योढ़ी में ही अजय बेहोश होकर गिर पड़ा।