पंजाब पुलिस में थानेदार के बेटे ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर युवती का अपहरण कर लिया और फरार हो गया। थाना माहिलपुर पुलिस ने महिला के बयान के आधार पर तीन युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
एक युवती (21) एक्टिवा पर अपनी मां के साथ गांव डानसीवाल से वापस घर लौट रही थी। वे दोनों जब गढ़शंकर- होशियारपुर रोड पर मिल्क प्लांट पदराणा के पास पहुंची तो नवांशहर में एसआई अशोक कुमार का बेटा गोल्डी बिना नंबर वाली इंडिगो कार में अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचा और कार को स्कूटी के आगे लगा दिया। इसी दौरान दो युवकों ने युवती की माता को पकड़ लिया और गोल्डी ने युवती को जबरदस्ती कार में डाल लिया और फरार हो गए।
डीएसपी गढ़शंकर मनजीत सिंह ने बताया कि थाना माहिलुपर पुलिस ने युवती की मां के बयानों पर गोल्डी निवासी गज्जर और दो अन्य अज्ञात युवकों के खिलाफ धारा 365 के तहत अगवा करने का मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापामारी शुरू कर दी है। युवती के मौसा ने बताया कि कुछ दिन पहले गोल्डी ने बस में युवती से हाथापाई की थी। उसी का बदला लेने के लिए गोल्डी ने यह कदम उठाया है।