मौलीजागरां में रामलीला मंच पर करंट से युवक मौत
मौलीजागरां की सब्जी मंडी के पास रामलीला कमेटी के मंच पर डीजे का तार जोड़ते समय करंट लगने से मौली कॉम्प्लेक्स निवासी युवक की रविवार की रात को मौत हो गई। पंचकूला सेक्टर छह अस्पताल में परिजनों ने शव लेने के लिए हंगामा भी किया।
घटना रविवार रात करीब 8.30 बजे चमत्कारी रामलीला कमेटी के मंच पर हुई। सागर (22) निवासी मकान नंबर 1271,मौली कॉम्प्लेक्स मंच पर डीजे लगा रहा था। इसी दौरान बिजली की तारों को जोड़ते हुए करंट की चपेट में आ गया। उसको हालांकि कमेटी और आसपास के लोग पंचकूला सेक्टर 6 जनरल अस्पताल ले गए, लेकिन वहां सागर को ‘ब्राट डेड’ घोषित कर दिया गया। सागर का बड़ा भाई राजेश चमत्कारी रामलीला क्लब का बिजली ठेकेदार है, जबकि सागर ने कमेटी से डीजे का ठेका लिया था।
रविवार रात को वह स्टेज पर डीजे का तार जोड़ रहा था इसी दौरान उसे करंट की चपेट में आ गया। सागर का परिवार मौली कॉम्प्लेक्स में रहता है और सब्जी बेचने का काम करता है। घटना की सूचना पाते ही उसके परिवार के सदस्य और अन्य परिचित अस्पताल पहुंचे। सागर की मौत की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने अस्पताल प्रबंधन से शव देने की मांग की। लेकिन अस्पताल बगैर पोस्टमार्टम कराए शव देने के लिए तैयार नहीं हुआ। इसके बाद मृतक के परिजनों ने अस्पताल में देर तक हंगामा किया।
इस घटना को देखते हुए मौलीजागरां पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और उसे चंडीगढ़ सेक्टर 16 जीएमएसएच के शवगृह में रखवा दिया। मृतक मूल रूप से मुरादाबाद का रहने वाला था। कॉलोनी में सागर की मौत के बाद तनाव बना हुआ है।