घरेलू कलह की वजह से महिला ने गुस्से में अपने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव का पोस्टपोर्टम करवा कर शव पति को सौंप दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला मूल रूप से नेपाल की रहने वाली है। जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि सेक्टर-27 में रहने वाली शांति (24) का शव उसके कमरे में पंखे से झूलता मिला।
पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि शांति ने अपने दुपट्टे से पंखे से फंदा लगा कर खुदकुशी की है।
मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। शांति सेक्टर-27 के मकान नंबर 3310 में नौकरानी का काम करती थी। घर के पीछे बने एक कमरे में अपनी दो बेटियों व पति दीपक के साथ रहती थी। वो वहां करीब दो महीने पहले ही रहने आई थी। दीपक इंडस्ट्रियल एरिया फेज दो में होटल में वैटर का काम करता है।
शांति के पति दीपक ने बताया कि रात को नीचे सो रहा था और शांति दोनों बेटियों के साथ बेड पर सो रही थी। दीपक के अनुसार उसको सपना आया कि पत्नी ने सुसाइड कर लिया है। तभी उसकी आंख खुल गई। जैसे ही उसकी आंख खुली तो सचमुच उसकी पत्नी फंदे से झूल रही थी। उसने तुरंत मकान मालिक को बताया। जिसके बाद रात को करीब 12 बजे सुसाइड की सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पीसीआर महिला को जीएमएसएच-16 पहुंची और शांति को लेकर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आस पड़ोस के लोगों का कहना है कि रात के वक्त उनके घर से झगड़ने की आवाज आ रही थी। सेक्टर-26 पुलिस स्टेशन के एसएचओ जसपाल सिंह भुल्लर ने बताया कि पत्नी ने पति से झगड़ने के बाद गुस्से में आकर पंखे से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। केस दर्ज कर लिया है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के असल कारणों का पता चलेगा। अभी मामले की छानबीन जारी है।