पुलिस की गिरफ्त में महिला एएसआई
- फोटो : अमर उजाला
कमेटी के नाम पर लोगों से पिछले कई सालों से ठगी मामले में हरियाणा पुलिस की एक एसआई को पंचकूला पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महिला एएसआई बलजिंदर कौर को गिरफ्तार कर शनिवार को कोर्ट में पेश किया गया। जहां उसे एक दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। बता दें कि बलजिंदर कौर हरियाणा पुलिस की टेलीकॉम विंग में एएसआई के पद पर कार्यरत है। वह सेक्टर 19 में रहती थी।
कई सालों से वो अपने एरिया में कमेटियों को चलाने का काम करती थी। जिसमें लोगों से रुपयों को जमा करवाया जाता था। लेकिन कमेटी पूरा होने पर लोगों को पैसा नहीं मिलता। जिसके बाद लोगों ने सीएम विंडो और पुलिस को आला अधिकारियों को शिकायत दी। लेकिन फिर भी महिला एएसआई की गिरफ्तारी नहीं हुई। अमर उजाला ने लोगों की मांग पर नौ अप्रैल 2017 को प्रमुखता के साथ इस खबर को प्रकाशित किया था।
इसके बाद पुलिस अमला हरकत में आया। उसके बाद मामले की जांच कर पुलिस ने एएसआई को गिरफ्तार किया। असल में पंचकूला पुलिस के डीसीपी के पास सेक्टर 19 में रहने वाली किरण देवी सहित कई लोगों ने शिकायत दी थी। जिसमें बताया गया था, कि बलजिंदर कौर ने यहां सेक्टर 19 में दर्जन भर महिलाओं से कमेटियों के नाम पर रूपयों को जमा किया।
जिसके बाद वर्ष 2015 में बलजिंदर कौर ने यहां मकान को बेच दिया और वह बलटाना के वधावा नगर में रहने लगी थी। जिसके चलले जब भी उसके पास रूपयों को मांगने के लिए कोई न कोई जाता था, वो पुलिसिया रौब दिखाकर धमका देती थी। जिसके बाद पुलिस में हमारें ही खिलाफ कार्रवाई करवाने की बात बोलती थी। जिसके बाद हमने पुलिस में उसके खिलाफ शिकायत दी।