भतीजे की रिटायरमेंट पार्टी में जा रही महिला की मौत
पठानकोट में भतीजे की रिटायरमेंट पार्टी में दीनानगर जा रही महिला की मलिकपुर के पास सड़क हादसे में मौत हो गई। वहीं महिला का पति घायल है। दंपती की स्कूटी को ट्रक ने टक्कर मारी है। माधोपुर कैंट निवासी मनिंदर कौर की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। सुजानपुर पुलिस ने ट्रक चालक गुरदासपुर निवासी रत्न मसीह के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
माधोपुर कैंट निवासी एयरफोर्स से रिटायर्ड परमजीत सिंह ने पुलिस को बताया कि वह अपनी पत्नी मनिंदर कौर के साथ अपने साले के लड़के की रिटायरमेंट पार्टी में शामिल होने एक्टिवा से दीनानगर जा रहे थे। जब वह मलिकपुर से कुछ आगे पहुंचे तो सुजानपुर की तरफ से आ रहे एक ट्रक ने स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से वह और उसकी पत्नी गिर पड़े। पत्नी के सिर पर गंभीर चोट लगी है। वह खुद घायल हो गए। हादसे के बाद चालक अपना ट्रक छोड़ मौके से भाग गया। स्थानीय लोगों ने उसको और उसकी पत्नी को मलिकपुर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। पत्नी के सिर में ज्यादा चोट होने की वजह से उसकी रास्ते में ही मौत हो गई। थाना प्रभारी नवदीप शर्मा ने बताया कि ट्रक कब्जे में लेकर चालक रत्न मसीह निवासी हयात नगर गुरदासपुर के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
श्रद्धालुओं का ऑटो पलटा, चालक समेत छह घायल
नंगल में गांव बीनेवाल से जालफा देवी दरबार जाते समय शनिदेव मंदिर के पास श्रद्धालुओं को लेकर आ रहा ऑटो पलट गया। इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ लेकिन छह श्रद्धालुओं के घायल होने की जानकारी है। सभी को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। चैत्र नवरात्रों के उपलक्ष्य में एक परिवार गांव वीनेवाल से माता जालफा देवी के दरबार नतमस्तक होने आया था और नंगल आने पर उन्होंने एक थ्री व्हीलर को किराये पर लिया। लेकिन शनिदेव मंदिर के निकट पहाड़ी क्षेत्र शुरू होते ही चालक अपना संतुलन खो बैठा और थ्री व्हीलर पलट गया। इस थ्री व्हीलर में दो बच्चों को छोड़ सभी को गंभीर चोटें आई हैं और थ्री व्हीलर चालक की तो टांग में फैक्चर हो गया है।