एकतरफा प्यार में महिला को जिंदा जलाया, फाइल फोटो
- फोटो : amar ujala
एकतरफा प्यार अंधे बने युवक ने महिला के न मानने पर केरोसिन तेल डालकर जिंदा जला दिया। दिलदहला देने वाली यह वारदात पंजाब के फरीदकोट के कम्मेआना गेट के पास हुआ। बुरी तरह झुलसी महिला बाजीगर बस्ती निवासी बलजीत कौर (30) ने शनिवार सुबह गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दम तोड़ दिया। इस मामले में थाना कोतवाली पुलिस ने आरोपी युवक बब्बू सिंह के खिलाफ केस दर्ज करके उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार यह घटना शुक्रवार देर शाम की है। दम तोड़ने से पहले बलजीत कौर ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट अतुल कंबोज की हाजिरी में पुलिस के पास अपना बयान दर्ज करवा दिया था। पुलिस को बलजीत कौर ने बताया कि उसका अपने पति सुखमंदर सिंह के साथ तलाक हो चुका है और उसके एक बेटा भी है।
इन दिनों वह बाजीगर बस्ती में अपनी एक जानकार महिला के पास रहती है। बलजीत कौर के अनुसार कम्मेआना गेट निवासी एक युवक बब्बू सिंह पिछले कई दिनों से उसके पीछे लगा हुआ था और उसे अपने साथ जाने के लिए कह रहा था।