संगरूर में पत्रकारों को जानकारी देते एसपी हरप्रीत सिंह संधू।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
संगरूर के लहरगागा में युवक की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने मृतक की पत्नी व उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस लाइन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए एसपी हरप्रीत सिंह संधू ने बताया कि 11 दिसंबर को अमनदीप सिंह निवासी गोबिंदपुरा पापड़ा, जो मौजूदा समय लहरागागा में किराए के मकान में रह रहा था, उसका कत्ल हो गया था।
पुलिस ने पहले मृतक की पत्नी रमनदीप कौर के बयान पर थाना लहरा में मलकीत सिंह, जसवीर सिंह, सतपाल सिंह, बलजिंदर सिंह उर्फ जग्गी, कुलवीर कौर के खिलाफ मामला दर्ज किया था। लेकिन मामले की जांच की तो सामने आया कि मृतक अमनदीप सिंह की पत्नी रमनदीप कौर के पति की मौसी के लड़के (देवर) रमनदीप सिंह उर्फ राजू से संबंध थे।
मृतक की पत्नी और रमनदीप सिंह उर्फ राजू ने अमनदीप सिंह को रास्ते से हटाने के लिए 10 नवंबर को तेजधार कुल्हाड़ी से वार कर उसकी हत्या कर दी थी। रमनदीप कौर ने इस कत्ल का आरोप मलकीत सिंह सहित अन्य पर लगाकर मामला दर्ज करवाया था। मामले का खुलासा होने के बाद मृतक की पत्नी और रमनदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है।