एक महिला ने अपने भाई के साथ मिलकर पति के सीने व गर्दन पर कैंची से ताबड़तोड़ वार कर लहूलुहान कर दिया। वारदात गुरुवार दोपहर करीब 1.30 बजे सेक्टर- 25 में हुई। हैरानी की बात तो यह है कि लोग वीडियो तो बनाते रहे लेकिन किसी ने बचाने का प्रयास नहीं किया। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल युवक को जीएमएसएच-16 अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं महिला और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मूलरूप से उत्तराखंड निवासी दीपक सेक्टर-56 में पत्नी रेनू के साथ किराए पर रहता है। दीपक सेक्टर-25 में विद्यार्थियों को पढ़ाता है। गुरुवार दोपहर पत्नी रेनू ((30)) और उसके भाई अंकित (26) ने दीपक को सेक्टर- 25 स्थित उसके दफ्तर के बाहर पकड़ कर जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद रेनू ने दीपक की गर्दन और सीने पर कैंची से कई वार कर डाले जबकि अंकित ने दीपक को पकड़े रखा।
इस दौरान दीपक ने बचने का प्रयास भी किया लेकिन रेनू कैंची से लगातार वार करती रही। वह बुरी तरह जख्मी हो गया। करीब आधे घंटे बाद किसी ने पुलिस को सूचित किया। सेक्टर- 24 कार्यकारी चौकी इंचार्ज संजय दत्त ने टीम के साथ मौके पर पहुंचकर दीपक को अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद रेनू और अंकित को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि घर में लड़ाई झगड़े के चलते उन्होंने हमला किया है। हालांकि यह भी कहा जा रहा है कि दीपक के प्रेम प्रसंग के कारण पत्नी ने यह हमला किया है। इस बारे में अभी दीपक का बयान दर्ज नहीं हो सका है।