शाम को बेटे का जन्मदिन धूमधाम से मनाने के बाद एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति के साथ खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद पूरा इलाका सन्न रह गया। हरियाणा के जींद स्थित सोमनाथ मंदिर के पास हनुमान गली नंबर दो में 28 वर्षीय जोगेंद्र की बुधवार रात को चाकुओं से गोद कर हत्या कर दी गई। हत्यारा कोई और नहीं बल्कि उसकी पत्नी और उसका प्रेमी निकले। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जोगेंद्र के पिता मंगल सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उसकी साली का लड़का सोनीपत के बहीयापुर गांव निवासी रवि पांच महीने पहले मकान बना रहा था। उसका मकान बनवाने के लिए बेटा जोगेंद्र औ बहू पिंकी गए थे। वहां रहते हुए रवि और पिंकी के बीच अवैध संबंध स्थापित हो गए। मकान बनाने के बाद जोगेंद्र वापस आने लगा तो बहू ने आने से मना कर दिया।
इसी बीच सभी को दोनों के अवैध संबंधों के बारे में पता चल गया। बेटे और बहू में इसे लेकर काफी झगड़ा भी हुआ। बाद में बेटा बहू को लेकर जींद आ गया और यहीं रहने लगा। उसने बताया कि बुधवार को पोते अमरजीत का जन्मदिन था। इस मौके पर रवि भी आया हुआ था। रवि और जोगेंद्र ने छत पर बैठकर शराब पी। इसके बाद रवि अपने घर जाने की बात कहकर चला गया।
मंगल सिंह ने बताया कि रात 11 बजे बहू उसके पास आई और कहने लगी कि जोगेंद्र को पता नहीं क्या हो गया है। जब वह अपनी पत्नी के साथ कमरे में गया तो देखा कि जोगेंद्र का शव खून से लथपथ चारपाई पर पड़ा था। बेटे को उठाकर वे नागरिक अस्पताल गए जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मंगल सिंह ने कहा कि उसके बेटे की हत्या बहू पिंकी और रवि ने की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला और उसका प्रेमी गिरफ्तार
शहर थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने कहा कि जोगेंद्र की पत्नी पिंकी और उसके प्रेम रवि को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उन्होंने ही जोगेंद्र की हत्या की है। जोगेंद्र उनके प्रेम संबंधों में रोड़ा बन रहा था। उसको रास्ते से हटाने के लिए यह हत्या कर दी। दिनेश कुमार ने कहा कि दोनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। हत्यारोपी महिला दो बच्चों की मां है, जिसके छोटे बेटे का जन्मदिन था।