पहली शादी की बात छुपाने पर एक ट्रक ड्राइवर ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। जब वह शव को नहर में फेंकने जा रहा था तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
मृतक महिला की पहचान तरनतारन की मनप्रीत कौर के रुप में हुई है। पुलिस ने डाबा के लोहारा कालोनी के रहने वाले उसके पति निशान सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन के रिमांड पर भेज दिया गया।
थाना डाबा के एसएचओ सब इंस्पेक्टर बलजीत सिंह ने कहा कि पुलिस पार्टी ने डाबा लोहारा रोड पर नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान एक ट्रक वहां से गुजरा। पुलिस पार्टी ने ट्रक को रुकने का इशारा किया तो आरोपी ने ट्रक भगा लिया।
ट्रक का पीछा कर उसे रोका गया और ड्राइवर निशान सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली तो उसमें से महिला का शव मिला। पुलिस ने शव के पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया। आरोपी ने बताया कि मृतका उसकी पत्नी है।