एक व्यक्ति अपनी मां के साथ मिलकर अपनी पत्नी को एक बाबा के साथ संबंध बनाने के लिए दबाव बना रहा था। जब विवाहिता ने इसका विरोध जताया तो आरोपियों ने मिट्टी का तेल डाल कर उसे आग लगाने की भी कोशिश की।
महिला किसी तरह वहां से जान बचाकर अपने परिजनों के पास पहुंची। इस मामले में पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर उसके पति सुरिंदर सिंह, सास रछपाल कौर और इलाके में स्थित एक डेरे के बाबा केसरी के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकियां देने का केस दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
डेढ़ वर्ष पहले हुई थी शादी
पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी लगभग डेढ़ वर्ष पहले सुरिंदर सिंह के साथ हुई थी। शादी के बाद उनके घर केसरी बाबा का आना जाना था। कुछ समय पहले उसकी सास और उसका पति उसे जबरदस्ती केसरी बाबा के साथ संबंध बनाने को मजबूर करने लगे। जब उसने मना किया तो उसके साथ मारपीट की जाने लगी।
पीड़िता ने कहा कि 6 जून की रात को वह अपने कमरे में सोने के लिए गई तो रात के समय बाबा केसरी उनके घर आ गया और उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। जब उसने शोर मचाया तो आरोपी केसरी बाबा वहां से फरार हो गया। उसने जाते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी।
पति, सास और बाबा के खिलाफ मामला दर्ज
उसके बाद उसकी सास और पति ने उस पर मिट्टी का तेल डाल दिया। अगले दिन वह ससुराल वालों के घर से किसी तरह भाग कर निकली। उसने इसकी शिकायत पुलिस के पास की, लेकिन पहले पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
उसने इसकी जानकारी कामरेड तरसेम जोधा से की। पुलिस मुलाजिमों के साथ मिल कामरेड जोधा ने इस की बात की तो दबाव में आकर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। उनकी तलाश में छापामारी की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।