फेसबुक ने चंडीगढ़ शहर के प्रमुख राजनेताओं के एकाउंट में अचानक बढ़े लाइक के मामले में कोई भी जानकारी देने से इंकार कर दिया है।
साइबर सेल अब मामले की जांच बंद कर शिकायतों का डिस्पोजल करने की तैयारी में है। गत दिसंबर में सांसद पवन बंसल, पूर्व सासंद सत्यपाल जैन और पूर्व केंद्रीय मंत्री हरमोहन धवन के फेसबुक अकाउंट से छेड़छाड़ कर अचानक लाइक बढ़ा दिए गए थे।
तीनों नेताओं ने इस मामले की शिकायत आईजी से की थी। इसके बाद मामले की जांच साइबर सेल को सौंपी गई थी।
साइबर सेल ने शिकायत मिलने के बाद फेसबुक की प्रबंधन टीम को मेल भेज कर नेताओं के अकाउंट से छेड़छाड़ करने वालों के आईपी एड्रेस और अन्य जानकारियां मांगी थीं। प्रारंभिक जांच में सामने आया था कि लाइक हैदराबाद और तुर्की से बढ़ाए गए थे।
टंडन ने नहीं दर्ज करवाई शिकायत
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन के फेसबुक पेज पर भी तुर्की से हजारों लाइक बढ़े है लेकिन उन्होंने कोई शिकायत नहीं करवाई थी।
बल्कि संजय टंडन के पेज को 30 हजार लोगों ने लाइक किया तो उन्होंने पेज पर ही लोगों का आभार व्यक्त किया था।
तीन साल पुराना मामला भी ठंडे बस्ते में
3 साल पहले किसी ने शहर के सांसद पवन बंसल की तस्वीर से छेड़छाड़ करते हुए फेसबुक पर फर्जी खाता बनाया था लेकिन आज तक पुलिस आरोपी का सुराग नहीं लगा पाई है। जबकि उस फेसबुक खाते पर कई लोगों ने लाइक भी किया था।