हिरासत में लिए गए लोगों को छुड़वाने के लिए थाने में जमा ग्रामीण।
इंसाफ के चक्कर में लोग अब सरेआम कानून को हाथ में लेने लगे हैं। ग्रामीणों ने दो युवकों को पीट पीटकर मार डाला।
युवकों पर बिजली का ट्रांसफार्मर चोरी करने की कोशिश का शक था। करनाल के दादुपर गांव में उक्त वारदात हुई।
मरने वाले दोनों युवक दिल्ली के रहने वाले बताए जा रहे हैं। उनके दो साथी भागने में सफल रहे। ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर चोर समझकर उनकी बेरहमी से पिटाई की जिससे उनकी मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। गांव के कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस ने शवों को कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कालेज के मर्चरी हाउस में रखवा दिया है। पुलिस कई ग्रामीणों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।
दोनों युवकों की मौके पर ही मौत
थाना सदर में काफी संख्या में ग्रामीण पहुंचे
बताया जाता है कि सोमवार रात गांव के बाहरी इलाके में चार युवक ट्रांसफार्मर चोरी करने का प्रयास कर रहे थे।
सूचना मिलने के बाद काफी संख्या में ग्रामीण वहां पहुंच गए। लोगों ने चारों युवकों को घेर लिया। अंधेरे का फायदा उठाकर दो युवक मौके से भागने में कामयाब हो गए, लेकिन दो युवक ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गए। लोगों ने घेर कर उसकी लाठी-डंडों से उनकी पिटाई शुरू कर दी। दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना सदर प्रभारी प्रतीक सिंह पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में ले लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए करनाल के कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कालेज भेज दिया। पुलिस ने कुछ ग्रामीणों को हिरासत में लिया है।
दूसरी ओर, करनाल के थाना सदर में काफी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए हैं और हिरासत में लिए गए लोगों को छोड़ने की मांग कर रहे हैं। मारे गए युवकों की अभी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस का कहना है कि मामले की अभी जांच की जा रही है।