देर शाम शौच के लिए घर से बाहर गई सातवीं कक्षा की छात्रा को गांव के ही तीन युवक नशीली वस्तु सुंघा अपहरण करके ट्यूबवेल के कमरे में गए, जहां उन्होंने उससे दुराचार किया। युवक छात्रा को बेहोशी की हालत में घर के पास फेंककर चले गए।
छात्रा की तलाश कर रहे परिजनों ने बेहोश छात्रा को अस्पताल पहुंचाया, जहां उससे दुष्कर्म की पुष्टि हुई। पुलिस ने शिकायत पर एक आरोपी को नामजद कर तीन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
छात्रा अस्पताल में उपचाराधीन है। मामला हरियाणा के यमुनानगर जिले के छछरौली थाना क्षेत्र का है।
हाथ बांधकर तीन युवकों ने किया दुराचार
छछरौली थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली छात्रा ने पुलिस को बताया कि रविवार शाम करीब साढ़े सात बजे वह शौच के लिए घर से बाहर आई थी। इस दौरान गांव का सिम्मू अपने दो साथियों के साथ उसके पास आया।
इससे पहले की वह कुछ समझ पाती उन्होंने उसका मुंह कपड़े से बंदकर दिया और वह बेहोश हो गई। छात्रा ने बताया कि जब उसे होश आया तब वह एक ट्यूबवेल के कमरे में थी। छात्रा ने आरोप लगाया कि इस दौरान जब उसने बचाव के लिए शोर किया तो उन्होंने मारपीट करते हुए उसका और हाथ पैर बांध दिए और सिम्मू ने अपने साथियों की मदद से उससे दुष्कर्म किया।
घर के बाहर बेहोश हालत में मिली
गैंगरेप के बाद वह बेहोश हो गई। वहीं पीड़ित छात्रा के परिजनों ने बताया कि जब बेटी कुछ देर बाद भी वापस नहीं आई तो उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। उन्होंने बताया कि आसपास खोजने और पूछताछ पर भी बेटी का कुछ पता नहीं चल पाया।
इस दौरान देर रात उन्हें घर के पास ही सड़क पर पड़ी मिली। इस पर वह उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उससे दुष्कर्म होने की बात कही।
तीन युवकों के खिलाफ रेप का केस
मामले के जांच अधिकारी दिलबाग सिंह ने बताया कि उन्हें अस्पताल के चिकित्सकों की ओर से छात्रा से दुष्कर्म की शिकायत मिली थी। इस पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर उपचाराधीन छात्रा के बयान लिए।
छात्रा की शिकायत पर आरोपी सिम्मू सहित दो अज्ञात युवकों के खिलाफ अपहरण, दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।